बैंक से पैसे निकालकर लौट रही बुजुर्ग महिला की नदी में डूबने से हुई मौत

WhatsApp Channel Join Now
बैंक से पैसे निकालकर लौट रही बुजुर्ग महिला की नदी में डूबने से हुई मौत


सुकमा, 18 जून (हि.स.)। बस्तर संभाग के सुकमा जिले के गादीरास थाना क्षेत्र में बैंक से पैसे निकालकर घर लौट रही एक बुजुर्ग महिला की मलगेर नदी पार करने के दौरान डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, बुजुर्ग महिला चुले कवासी (65 वर्षीय ) आज गुरुवार सुबह बैंक से 7 हजार निकालकर अपने गांव वापस लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में पड़ने वाली मलगेर नदी को पार करते समय वह गहरे पानी में चली गई और डूबने से उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि, उसके घर तमिया पारा से बैंक शॉर्टकट में 2 किमी की दूरी पर है। जबकि पुल से जाने 6 किमी दूर पड़ता है। नदी में ज्यादा पानी नहीं होने के कारण वो शॉर्टकट रास्ते का इस्तेमाल कर रही थी।

घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने गादीरास पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की गई। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। गादीरास पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है, घटना से जुड़े सभी तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल शुरुआती तौर पर मामला नदी में डूबने से मौत मानी जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Share this story