एकलव्य विद्यालय के छात्रों ने फिर किया चक्काजाम, चार घंटे बाधित रहा कोरबा-कटघोरा मार्ग
कोरबा, 13 अगस्त (हि. स.)। छुरी स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के विद्यार्थियों का प्रबंधन के खिलाफ विरोध लगातार जारी है। विद्यालय की विभिन्न समस्याओं को लेकर छात्र-छात्राओं ने गुरुवार को एक बार फिर कोरबा-कटघोरा मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। करीब चार घंटे तक मार्ग बाधित रहने से सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। बाद में एसडीएम कटघोरा तुलाराम भारद्वाज और सहायक आयुक्त आदिवासी विकास एस. कसेर के लिखित आश्वासन के बाद विद्यार्थियों ने आंदोलन समाप्त किया।
जानकारी के अनुसार, बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं सुबह छुरी पंचायत के सामने मुख्य मार्ग पर बैठ गए और विद्यालय की व्यवस्थाओं को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। विद्यार्थियों ने विद्यालय के प्राचार्य डॉ. अरशद अहमद अली और हॉस्टल अधीक्षिका को हटाने की मांग की। छात्रों का आरोप है कि विद्यालय में पेयजल, भोजन और शैक्षणिक व्यवस्था को लेकर लंबे समय से समस्याएं बनी हुई हैं।
विद्यार्थियों ने विद्यालय परिसर में स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था दुरुस्त करने, भोजन की गुणवत्ता सुधारने और शैक्षणिक व्यवस्था बेहतर बनाने की मांग की। उनका कहना था कि इन समस्याओं को लेकर पूर्व में भी आंदोलन किया गया था, लेकिन अपेक्षित समाधान नहीं होने के कारण उन्हें दोबारा सड़क पर उतरना पड़ा।
चक्काजाम की सूचना मिलते ही एसडीएम कटघोरा तुलाराम भारद्वाज और सहायक आयुक्त आदिवासी विकास एस. कसेर मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने विद्यार्थियों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं और पूर्व में प्राप्त शिकायतों पर जांच एवं आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
एसडीएम तुलाराम भारद्वाज ने बताया कि विद्यार्थियों की शिकायतों पर प्रशासन पहले ही संज्ञान ले चुका है। पेयजल समस्या के समाधान के लिए पाइपलाइन बिछाने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पूर्व प्राचार्य फिलहाल अवकाश पर हैं और उनके स्थान पर नए प्राचार्य की व्यवस्था की गई है। विद्यार्थियों द्वारा गुरुवार को उठाई गई समस्याओं पर भी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
प्रदर्शन के दौरान विद्यार्थियों ने दूषित पेयजल और भोजन की गुणवत्ता को लेकर भी नाराजगी जताई। प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को इन समस्याओं के निराकरण के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों ने विद्यार्थियों को भरोसा दिलाया कि पेयजल और भोजन की गुणवत्ता से जुड़ी शिकायतों की भी जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों द्वारा विद्यार्थियों के आंदोलन को दूसरी दिशा में ले जाने के प्रयास की बात भी सामने आई। इस दौरान कुछ समय के लिए मौके पर तनाव की स्थिति बनी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों की शिकायतों को गंभीरता से लिया जा रहा है और मामले को अनावश्यक रूप से दूसरी दिशा में ले जाने की जरूरत नहीं है।
एकलव्य विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा लगातार दूसरी बार आंदोलन किए जाने से विद्यालय की व्यवस्थाओं को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। बताया जा रहा है कि पिछले कई वर्षों में किसी आवासीय विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा इस तरह प्राचार्य और अधीक्षिका के खिलाफ खुलकर विरोध किए जाने की यह पहली बड़ी घटना है। प्रशासन अब विद्यार्थियों की शिकायतों और विद्यालय की व्यवस्थाओं की जांच कर रहा है।
नगर पंचायत छुरी की अध्यक्ष पदमानी देवांगन ने भी विद्यार्थियों की समस्याओं को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि समस्याओं का पूरी तरह निराकरण नहीं होने के कारण विद्यार्थियों को दोबारा आंदोलन के लिए सड़क पर उतरना पड़ा। उन्होंने कलेक्टर से विद्यार्थियों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए उनकी समस्याओं का शीघ्र निराकरण कराने की मांग की।
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

