रायपुर : वन महोत्सव में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान को मिला जनसमर्थन
बलौदाबाजार वनमंडल में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
रायपुर 07 अगस्त (हि.स.)। वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप के मार्गदर्शन में बलौदाबाजार वनमंडल के वन परिक्षेत्र बल्दाकछार में शुक्रवार काे परिक्षेत्र स्तरीय वन महोत्सव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत बड़ी संख्या में पौधे लगाए गए और लोगों को पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य अधिक से अधिक वृक्षारोपण को बढ़ावा देना, पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और स्थानीय समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना था।
कार्यक्रम में वनमंडलाधिकारी धम्मशील गणवीर, प्रभारी वन परिक्षेत्र अधिकारी एकता कर सहित वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। इसके अलावा जनपद सदस्य, सरपंच, वन प्रबंधन समितियों के अध्यक्ष और सदस्य, स्थानीय जनप्रतिनिधि, बड़ी संख्या में स्कूली विद्यार्थी और ग्रामीणजन भी शामिल हुए। वृक्ष लगाएँ, जीवन बचाएँ क्योकि प्रकृति केवल हमारी विरासत ही नहीं, बल्कि उसका संरक्षण आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी भी है।
कार्यक्रम के दौरान ग्राम अर्जुनी (ब) स्थित गौठान में स्थानीय और उपयोगी प्रजातियों के पौधे लगाए गए। सभी प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के निर्माण के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने तथा लगाए गए पौधों की देखभाल करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में बताया गया कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। वन महोत्सव के माध्यम से समाज के हर वर्ग को प्रकृति संरक्षण के अभियान से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। पौधे वर्षा लाने में मदद करते हैं और भूजल स्तर बढ़ाते हैं । यह पक्षियों और जानवरों को आश्रय देते हैं।हवा को शुद्ध करता है और इसके औषधीय गुण होते हैं। पौधे लगाने के बाद उनकी नियमित रूप से सिंचाई करें। पौधों की सुरक्षा के लिए ट्री-गार्ड या बाड़ का उपयोग करें।
वनमंडलाधिकारी धम्मशील गणवीर ने कहा कि वन मंत्री केदार कश्यप के मार्गदर्शन में संचालित ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि यह अभियान लोगों में प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी और संवेदनशीलता बढ़ाने का प्रयास है। उन्होंने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उन्हें वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों, वन प्रबंधन समितियों, विद्यार्थियों और स्थानीय समुदाय की सक्रिय भागीदारी से ही पर्यावरण संरक्षण का लक्ष्य सफलतापूर्वक प्राप्त किया जा सकता है।
हमारे आसपास के पर्यावरण को सुरक्षित बनाए रखने और खुली स्वच्छ हवा में सांस लेने के लिए पौधों की अतुलनीय भूमिका है। वन महोत्सव के माध्यम से बलौदाबाजार वनमंडल में पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी को नई ऊर्जा मिली है, जो हरित और सुरक्षित भविष्य की दिशा में एक सकारात्मक कदम है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल

