कुरुद कन्या विद्यालय में बने आठ कक्ष और सार्वजनिक शौचालय का हुआ लोकार्पण

WhatsApp Channel Join Now
कुरुद कन्या विद्यालय में बने आठ कक्ष और सार्वजनिक शौचालय का हुआ लोकार्पण


धमतरी, 28 जून (हि.स.)। धमतरी जिले के कुरुद स्थित कन्या विद्यालय में बने में आठ कक्ष और सार्वजनिक शौचालय का लोकार्पण हुआ।

यह दिन नगर के शैक्षणिक विकास की दिशा में रविवार का दिन ऐतिहासिक रहा। शासकीय कन्या विद्यालय कुरूद में रायपुर की सामाजिक संस्था राउंड टेबल द्वारा कार्पोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) फंड से निर्मित आठ अतिरिक्त कक्षों एवं सार्वजनिक शौचालय का लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष ज्योति भानु चंद्राकर, जिला पंचायत उपाध्यक्ष गौकरण साहू, जिला शिक्षा अधिकारी, राउंड टेबल संस्था के पदाधिकारी, भाजपा मंडल अध्यक्ष कृष्णकांत साहू, स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष सुनील चंद्राकर सहित जनप्रतिनिधि, शिक्षक, छात्राएं और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

समारोह को संबोधित करते हुए विधायक अजय चंद्राकर ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए आधुनिक अधोसंरचना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि सुशासन तिहार के दौरान मुख्यमंत्री ने बालक विद्यालय के लिए तीन करोड़ रुपये तथा कन्या विद्यालय के लिए 1.50 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की है। इन राशियों से दोनों विद्यालयों में सर्वसुविधायुक्त भवनों का निर्माण कराया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध होगा। उन्होंने कहा कि सीएसआर फंड का उपयोग गांवों और छोटे नगरों तक पहुंचे, तभी सामाजिक दायित्व की वास्तविक सार्थकता सिद्ध होगी। बड़े उद्योगों और संस्थाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य तथा आधारभूत सुविधाओं के विकास में आगे आना चाहिए। कुरुद का विकास सभी के सहयोग और सकारात्मक सोच से ही संभव है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story