कुरूद में शान-ओ-शौकत से मनाई गई ईद मिलादुन्नबी

WhatsApp Channel Join Now
कुरूद में शान-ओ-शौकत से मनाई गई ईद मिलादुन्नबी


कुरूद में शान-ओ-शौकत से मनाई गई ईद मिलादुन्नबी


धमतरी, 26 अगस्त (हि.स.)। पैगम्बर मोहम्मद साहब की यौमे विलादत के अवसर पर धमतरी जिले के कुरूद में अंजुमन इस्लामिया कमेटी के तत्वावधान में ईद मिलादुन्नबी का पर्व श्रद्धा, उल्लास और आपसी भाईचारे के साथ मनाया गया।

बुधवार सुबह पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधरोपण के बाद ईदगाह मैदान से भव्य जुलूस निकाला गया। जुलूस में नात-ए-रसूल और देशभक्ति के तरानों की गूंज के बीच बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए। “सारे जहां से अच्छा हिंदुस्तां हमारा” के तराने के साथ “मरहबा या मुस्तफा, आका की आमद मरहबा” जैसी नातों की सदाएं वातावरण में गूंजती रहीं। रंग-बिरंगे परिधानों में सजे छोटे बच्चों ने हाथों में परचम-ए-इस्लाम लेकर जुलूस में उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

जुलूस कारगिल चौक, सरोजनी चौक और पुराना बाजार होते हुए जामा मस्जिद पहुंचा, जहां परचम कुशाई की रस्म अदा की गई और सलातो-सलाम का नजराना पेश किया गया। जामा मस्जिद में इमाम शेख अमानुल्ला कादरी, सदर हाजी अय्यूब खान सहित अन्य लोगों ने परचम-ए-इस्लाम फहराया। इससे पहले गुरुवार रात मस्जिद में महफिल-ए-नात का आयोजन किया गया, जिसमें यंग ग्रुप्स द्वारा आकर्षक सजावट की गई। कार्यक्रम में इमाम कादरी ने अपनी तकरीर में कहा कि खुदा से प्यारा कोई नाम नहीं होता और उसकी इबादत से बड़ा कोई काम नहीं होता। उन्होंने इंसान को नेक राह पर चलने और ईश्वर की मोहब्बत को जीवन में उतारने का संदेश दिया।

क्षेत्रीय विधायक अजय चन्द्राकर ने कहा कि, पैगम्बर मोहम्मद साहब ने इल्म की तलाश को नेकी का रास्ता बताया है। उन्होंने कहा कि समाज के लिए तालीम केवल जरूरत नहीं, बल्कि जिम्मेदारी भी है। सदर हाजी अय्यूब खान ने कहा कि इंसान इल्म हासिल कर उसे दूसरों तक पहुंचाता है तो यही उसके बेहतर आमाल में शामिल होता है। मुस्लिम समाज की खुशियों में शामिल होने जामा मस्जिद पहुंचे भाजपा नेता शिवप्रताप ठाकुर, रविकांत चन्द्राकर, भानु चन्द्राकर, प्रकाश चैनवानी, पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष आशीष शर्मा, मनोज अग्रवाल, प्रमोद साहू सहित अन्य गणमान्य नागरिकों ने समाजजनों को ईद मिलादुन्नबी की बधाई दी।

हाजी सै. हसन अली, सुलेमान, गफ्फार हलारी, हकीम खान, शेख बब्बू, शेख सहाबुद्दीन, अहमद खान, यूनूस भाई, लतीफ उस्मानी, जमाल रिजवी, शफी खान सहित बड़ी संख्या में समाजजन मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story