अहंकार कलह की जड़, विनम्रता और समर्पण से होती है ईश्वर की प्राप्ति : पं. पलक दुबे

WhatsApp Channel Join Now
अहंकार कलह की जड़, विनम्रता और समर्पण से होती है ईश्वर की प्राप्ति : पं. पलक दुबे


अहंकार कलह की जड़, विनम्रता और समर्पण से होती है ईश्वर की प्राप्ति : पं. पलक दुबे


धमतरी, 26 नवंबर (हि.स.)। आमापारा के अंबा चौक में आयोजित श्री शिव महापुराण कथा के दूसरे दिन कथावाचक पंडित पलक दुबे ने शिवलिंग उत्पत्ति एवं ओंकार नाद से सृष्टि की उत्पत्ति के प्रसंग का भावपूर्ण वर्णन किया। उन्होंने बताया कि सृष्टि के आरंभ में चारों ओर जल ही जल था। इसी दौरान ब्रह्मा और विष्णु के बीच स्वयं को सर्वश्रेष्ठ और सर्वशक्तिमान साबित करने को लेकर विवाद शुरू हो गया। दोनों के अहंकार के कारण भयंकर युद्ध की स्थिति निर्मित हो गई, जिससे संपूर्ण ब्रह्मांड में अशांति फैलने लगी। इसी बीच दोनों के मध्य एक दिव्य, असीम और आदि-अंत रहित अग्नि स्तंभ प्रकट हुआ, जिसे ज्योतिर्लिंग कहा गया।

उन्होंने कथा को आगे बढ़ाते हुए बताया कि ज्योतिर्लिंग का आदि-अंत जानने के लिए विष्णु ने वराह रूप धारण कर पाताल की ओर प्रस्थान किया, वहीं ब्रह्मा हंस का रूप लेकर आकाश की ओर उड़ चले। हजारों वर्षों तक खोज करने के बाद भी दोनों को उस दिव्य स्तंभ का न आदि मिला और न अंत। अंततः दोनों ने अपनी सीमाओं को स्वीकार करते हुए परम शक्ति के समक्ष विनम्रता से नतमस्तक होकर समर्पण किया। उनकी विनम्रता के बाद ज्योतिर्मय स्तंभ से दिव्य ध्वनि गूंजने लगी, जो 'अ', 'उ' और 'म' तीन अक्षरों से मिलकर बनी थी। इन्हीं के संयोग से ओंकार अर्थात ॐ प्रणव की उत्पत्ति हुई।

पंडित दुबे ने बताया कि ओंकार के 'अ' में ब्रह्मा, 'उ' में विष्णु और 'म' में महेश का स्वरूप समाहित है। इसी प्रणव ध्वनि से पंचमहाभूत पृथ्वी, जल, अग्नि, वायु और आकाश का विस्तार हुआ तथा वेदों सहित संपूर्ण चराचर जगत की रचना हुई। इसके बाद भगवान शिव ने साकार रूप में दर्शन देकर बताया कि वे ही निराकार परब्रह्म हैं और ज्योतिर्लिंग उनकी अनंत ऊर्जा का प्रतीक है। इसी प्रसंग से शिव के लिंग स्वरूप की पूजा का विधान प्रारंभ हुआ। उन्होंने कहा कि इस कथा का मूल संदेश है कि अहंकार कलह की जड़ है, जबकि विनम्रता और समर्पण से ईश्वर की प्राप्ति होती है। सृष्टि के कण-कण में शिव और ओंकार नाद की ऊर्जा विद्यमान है।

कथा श्रवण के लिए डॉ. गजेन्द्र पटेल, अर्जुन सिन्हा, सीमा नाग, पूजा नाग, प्रभा बाई, अहिल्या बाई, कौशिल्या नाग, शशि साहू, तारा मोहबे, गोमती नाग, रामेश्वरी सिन्हा, ज्योति पटेल, मनोज नाग सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783798 Articles

Share this story