यूनेस्को की विश्व धरोहर कांगेर घाटी काे स्थायी सूची में लाने का प्रयास
जगदलपुर, 22 नवंबर (हि.स.)। यूनेस्को की विश्व धरोहर अस्थायी सूची में शामिल बस्तर का कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान लगभग 200 वर्ग किलोमीटर में फैला है। कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान 22 जुलाई 1982 को अस्तित्व में आया। इस राष्ट्रीय उद्यान का नाम कांगेर नदी पर पड़ा। यहां मैदानी हिस्सों से लेकर पहाड़ियां, गहरी घाटियां और ढलान हैं। नम प्रायद्वीपीय साल वन के साथ सागौन और बांस के जंगल भी मिलते हैं।
विश्व विरासत सप्ताह के अवसर पर भारत में 19 से 25 नवंबर तक विश्व विरासत सप्ताह मनाया जाता है। कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान के निदेशक गौतम पाढ़ी ने रविवार को बताया कि कांगेर घाटी को यूनेस्को की अस्थायी सूची में शामिल कराने के बाद हमारा प्रयास इसे स्थायी विश्व धरोहर का दर्जा दिलाने का है। इसके लिए जैव विविधता, विशिष्ट गुफाओं और भूगर्भीय संरचनाओं का वैज्ञानिक दस्तावेजीकरण, संरक्षण और अध्ययन जरूरी है।
11 फरवरी 2025 को भारत ने इसे यूनेस्को की विश्व धरोहर की अस्थायी सूची में प्राकृतिक विरासत श्रेणी के तहत प्रस्तुत किया गया है। यह अंतिम सूची में शामिल होने की शुरुआती प्रक्रिया है। यूनेस्को के नामांकन दस्तावेज के अनुसार कांगेर घाटी में वनस्पतियों की 963, स्तनधारियों की 49, पक्षियों की 201, सरीसृपों की 37 और उभयचरों की 16 प्रजातियां दर्ज हैं। पहाड़ी मैना और विविध वन्यजीव इसकी जैविक समृद्धि बढ़ाते हैं। कांगेर नदी की जलधारा, ऊंचाई से गिरता तीरथगढ़ जलप्रपात और जंगलों के बीच छिपी कोटमसर, कैलाश व दंडक गुफाएं इसकी प्राकृतिक विविधता को विशिष्ट बनाती हैं।
कांगेर घाटी की खास पहचान भूमिगत चूना पत्थर की गुफाएं हैं। कोटमसर, कैलाश और दंडक में छत से लटकती और जमीन से ऊपर उठती चट्टानी संरचनाएं हजारों वर्षों की भूगर्भीय प्रक्रिया से बनी हैं। इन्हें स्टैलेक्टाइट और स्टैलेग्माइट कहा जाता है। कोटमसर गुफा करीब 330 मीटर लंबी और लगभग 40 मीटर गहरी है। कैलाश गुफा में सुईनुमा संरचनाएं हैं, जबकि दंडक के दो कक्ष संकरे रास्ते से जुड़े हैं। गुफाओं में चमगादड़, मछलियों, मेंढकों और मकड़ियों सहित विशिष्ट जीव मिलते हैं। यूनेस्को दस्तावेज में यहां की पांच स्थानिक जीव प्रजातियों का उल्लेख है।
कांगेर घाटी से शबरी नदी के तटीय क्षेत्रों तक धुरवा जनजाति की प्रमुख बसाहट है। बस्तर के करीब 300 बसाहटों में इस समुदाय के लोग रहते हैं। इनकी बसाहट ओडिशा के सीमावर्ती क्षेत्रों तक भी है। धुरवी इनकी बोली है। खेती, वनोपज संग्रह और बांस शिल्प आजीविका के आधार हैं। जंगल, पहाड़, नदी और जलस्रोत उनकी आस्था व परंपराओं में विशेष स्थान रखते हैं। पारंपरिक वेशभूषा, आभूषण, लोकगीत और नृत्य इनकी सांस्कृतिक पहचान हैं। साथ ही पर्यटन को प्रकृति के अनुकूल विकसित कर स्थानीय समुदायों की भागीदारी बढ़ाने पर काम किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

