धमतरी में दिखा चक्रवात अकवान का असर, तीन डिग्री तक लुढ़का तापमान, छाया कोहरा

WhatsApp Channel Join Now
धमतरी में दिखा चक्रवात अकवान का असर, तीन डिग्री तक लुढ़का तापमान, छाया कोहरा


खेतों में तैयार धान की फसल को हो रहा नुकसान, दोबारा बारिश हुई तो किसानों की बढ़ेगी चिंता

धमतरी, 22 नवंबर (हि.स.)। चक्रवात अकवान का असर धमतरी जिले में लगातार देखने को मिल रहा है। मौसम में आए अचानक बदलाव के चलते तापमान में दो से तीन डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई है।

रविवार सुबह आसमान में घने बादल छाए रहे और तेज हवाएं चलीं। वहीं, सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने से दृश्यता भी काफी कम हो गई। करीब 200 से 300 मीटर की दूरी पर स्थित चीजें भी स्पष्ट दिखाई नहीं दे रही थीं। सुबह से लेकर दोपहर तक आसमान में बादलों का डेरा रहा। इसके चलते दिन का अधिकतम तापमान महज 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम में आए इस बदलाव ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। खरीफ सीजन की धान फसल इन दिनों खेतों में तैयार खड़ी है।

अधिकांश किसानों की कटी हुई धान की फसल खेतों में पड़ी है, जो बारिश के पानी से भीगकर खराब होने लगी है। वहीं, कई किसान इन दिनों कटाई और मिंजाई के काम में जुटे हुए हैं। किसान घनाराम साहू, गैंदलाल और कोमल राम ने बताया कि यदि एक बार फिर बेमौसम बारिश होती है तो किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है। मौसम साफ नहीं होने से खेतों में पड़ी धान की फसल के खराब होने की आशंका बढ़ गई है। मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा के अनुसार चक्रवात अकवान का प्रभाव प्रदेश के सभी जिलों में देखने को मिल रहा है। इसके चलते कई स्थानों पर रिमझिम बारिश के साथ आसमान में बादल छाए हुए हैं। हालांकि, कुछ दिनों बाद मौसम साफ होने की संभावना है।

इधर, भू-अभिलेख शाखा से मिली जानकारी के अनुसार जिले के विभिन्न वर्षामापी केंद्रों में बारिश दर्ज की गई है। धमतरी में 4.8 मिलीमीटर, कुरूद में 5.1 मिलीमीटर, मगरलोड में 4.8 मिलीमीटर, नगरी में 5.6 मिलीमीटर, भखारा में 6.6 मिलीमीटर, कुकरेल में 8.0 मिलीमीटर तथा बेलरगांव में 6.5 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781322 Articles

Share this story