शिक्षा, संगठन और संस्कार से ही समाज की होगी प्रगति : ओपी चौधरी

WhatsApp Channel Join Now
शिक्षा, संगठन और संस्कार से ही समाज की होगी प्रगति : ओपी चौधरी


शिक्षा, संगठन और संस्कार से ही समाज की होगी प्रगति : ओपी चौधरी


धमतरी, 07 जून (हि.स.)। वित्त मंत्री ओपी चौधरी धमतरी जिले के ग्राम छाती में रविवार को आयोजित चंद्रनाहू (चंद्राकर) कुर्मी-क्षत्रिय समाज के कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने समाजजनों को संबोधित करते हुए कहा कि कोई भी समाज तभी निरंतर प्रगति कर सकता है, जब वह शिक्षा, संगठन, संस्कार और सामाजिक उत्तरदायित्व को अपनी प्राथमिकता बनाए। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वे शिक्षा, नवाचार और नेतृत्व के क्षेत्र में आगे बढ़कर राज्य और राष्ट्र के विकास में सक्रिय भूमिका निभाएं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ओपी चौधरी ने कहा कि भारत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। ऐसे समय में समाज के प्रत्येक वर्ग की जिम्मेदारी है कि वह राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में सकारात्मक और रचनात्मक योगदान दे। उन्होंने समाज की गौरवशाली परंपराओं, सामाजिक योगदान और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख करते हुए नई पीढ़ी को संस्कारवान, जागरूक और सक्षम बनाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि संगठित और शिक्षित समाज ही विकास की मुख्य धारा में अपनी सशक्त पहचान स्थापित कर सकता है।

कार्यक्रम में समाज के पदाधिकारी, वरिष्ठजन, युवा एवं बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। समाज के विकास, सामाजिक एकता और राष्ट्र की उन्नति के संकल्प के साथ कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story