अपर कलेक्टर इंद्रा देवहारी के निवास पर ईडी की दबिश, घंटों चली जांच

WhatsApp Channel Join Now
अपर कलेक्टर इंद्रा देवहारी के निवास पर ईडी की दबिश, घंटों चली जांच


पति नवीन प्रताप सिंह तोमर शराब घोटाला मामले में हैं आरोपित, सीआरपीएफ जवानों की तैनाती के बीच दस्तावेज खंगालती रही टीम

धमतरी, 27 नवंबर (हि.स.)। अपर कलेक्टर इंद्रा नवीन सिंह देवहारी के धमतरी स्थित निवास पर आज शुक्रवार काे प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने दबिश दी। एक वाहन में पहुंचे करीब आठ से दस अधिकारियों ने निवास में प्रवेश कर जांच शुरू की। टीम के अधिकारी-कर्मचारी कई घंटों तक दस्तावेजों की पड़ताल करते रहे।

कार्रवाई के दौरान निवास के बाहर सीआरपीएफ के जवान तैनात रहे। हालांकि, ईडी की यह कार्रवाई किस मामले को लेकर की गई है, इसकी आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है। लेकिन अपर कलेक्टर के पति नवीन प्रताप सिंह तोमर का नाम छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाला मामले में आरोपितों में शामिल होने के कारण इस कार्रवाई को उक्त प्रकरण से जोड़कर देखा जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि नवीन प्रताप सिंह तोमर आबकारी विभाग में पूर्व डिप्टी कमिश्नर रह चुके हैं। उन्हें फरवरी 2026 में रायपुर में आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (ईओडब्ल्यू) एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने शराब घोटाला मामले में गिरफ्तार किया था। जांच एजेंसियों के अनुसार, प्रदेश में पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल के दौरान शराब नीति और इसके संचालन में कथित अनियमितताओं के साथ कमीशन के माध्यम से बड़े पैमाने पर आर्थिक हेरफेर किए जाने का मामला सामने आया था। अक्टूबर 2026 में पेश किए गए पूरक चालान में सरकारी शराब दुकानों के कर्मचारियों के ओवरटाइम, बोनस और अतिरिक्त कार्य के भुगतान में करीब 182 करोड़ रुपये से अधिक की कथित अनियमितताओं का उल्लेख किया गया था। फिलहाल ईडी की कार्रवाई और जांच के निष्कर्षों को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने आने का इंतजार है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784272 Articles

Share this story