इबोला वायरस को लेकर छत्तीसगढ़ में अलर्ट:  रायपुर एयरपोर्ट पर बढ़ाई जाएगी स्क्रीनिंग

WhatsApp Channel Join Now
इबोला वायरस को लेकर छत्तीसगढ़ में अलर्ट:  रायपुर एयरपोर्ट पर बढ़ाई जाएगी स्क्रीनिंग


रायपुर 25 मई (हि.स.)। दुनियाभर में तेजी से फैल रहे इबोला वायरस के बढ़ते खतरे को देखते हुए छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। संक्रमण की रोकथाम और संभावित मरीजों की पहचान के लिए संचालनालय स्वास्थ्य सेवाएं छत्तीसगढ़ ने आज साेमवार काे सभी जिलों के स्वास्थ्य अधिकारियों और अस्पतालों को विशेष दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

स्वास्थ्य विभाग ने रायपुर एयरपोर्ट पर आने वाले यात्रियों की जांच व्यवस्था को और सख्त करने का फैसला लिया है। विदेश से आने वाले यात्रियों की विशेष निगरानी की जाएगी और यदि किसी यात्री में संक्रमण जैसे लक्षण दिखाई देते हैं तो उसकी जानकारी तुरंत स्वास्थ्य विभाग को दी जाएगी।

एकीकृत रोग निगरानी कार्यक्रम की ओर से जारी आदेश में रायपुर के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को एयरपोर्ट पर एक नोडल अधिकारी नियुक्त करने के निर्देश दिए गए हैं। यह अधिकारी स्क्रीनिंग व्यवस्था की निगरानी करेगा और संदिग्ध मामलों की तत्काल रिपोर्टिंग सुनिश्चित करेगा।

इसके साथ ही राज्य के सरकारी और निजी अस्पतालों को भी अलर्ट पर रखा गया है। अस्पतालों को आइसोलेशन वार्ड तैयार रखने, इमरजेंसी मेडिकल व्यवस्था मजबूत करने और जरूरत पड़ने पर मरीजों के रेफरल की तैयारी रखने के निर्देश दिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने कहा है कि किसी भी आपात स्थिति में मरीजों का तत्काल इलाज और प्रबंधन सुनिश्चित किया जाए।

दरअसल, अफ्रीकी देशों कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य और युगांडा में इबोला संक्रमण के मामलों में तेजी आने के बाद विश्व स्वास्थ्य संगठन ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सतर्कता बढ़ाने की सलाह दी है। इसी के मद्देनजर भारत में भी निगरानी बढ़ाई जा रही है।

विशेषज्ञों के अनुसार इबोला एक गंभीर वायरल बीमारी है, जो संक्रमित व्यक्ति के शारीरिक द्रवों के संपर्क से फैलती है। इसके प्रमुख लक्षणों में तेज बुखार, कमजोरी, उल्टी, दस्त और गंभीर मामलों में रक्तस्राव शामिल हैं। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं, लेकिन सावधानी जरूर बरतें और किसी भी संदिग्ध लक्षण की स्थिति में तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।

हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल

Share this story