जांजगीर-चांपा में ई-ऑफिस फाइलों का 12 घंटे में करना होगा निराकरण, कलेक्टर ने दिए निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
जांजगीर-चांपा में ई-ऑफिस फाइलों का 12 घंटे में करना होगा निराकरण, कलेक्टर ने दिए निर्देश


जांजगीर-चांपा, 12 अक्टूबर (हि. स.)। जांजगीर-चांपा जिले में शासकीय कार्यों में तेजी लाने और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के लिए कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने अधिकारियों को समय-सीमा के भीतर लंबित प्रकरणों का निराकरण करने के निर्देश दिए हैं। आज सोमवार को आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में उन्होंने स्पष्ट किया कि ई-ऑफिस के माध्यम से प्राप्त फाइलों का निराकरण 12 घंटे के भीतर सुनिश्चित किया जाए। फाइलों को अनावश्यक रूप से लंबित रखने पर रोक लगाने के लिए प्रत्येक सप्ताह समीक्षा भी की जाएगी।

बैठक में अमृत मिशन, पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना, डिजिटल क्रॉप सर्वे, पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रस्तावित शिवरीनारायण प्रवास की तैयारियों सहित विभिन्न विभागीय योजनाओं एवं विकास कार्यों की समीक्षा की गई।

कलेक्टर ने डिजिटल क्रॉप सर्वे की प्रगति की समीक्षा करते हुए शेष सर्वे कार्य 31 अक्टूबर तक पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को किसानों के साथ समन्वय स्थापित कर सर्वे कार्य में तेजी लाने और जियो-रेफरेंसिंग सर्वेयर के कार्यों की नियमित निगरानी करने को कहा। उन्होंने कहा कि डिजिटल क्रॉप सर्वे का कार्य सही तरीके से और निर्धारित समय-सीमा में पूरा होने से किसानों को भविष्य में विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सुविधा होगी।

पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को योजना से जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और लोगों को इसके लाभ तथा मिलने वाली सब्सिडी की जानकारी उपलब्ध कराने को कहा। साथ ही आवेदन से लेकर सोलर संयंत्र की स्थापना तक हितग्राहियों को होने वाली समस्याओं का समय पर निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने अमृत मिशन के तहत निर्माणाधीन जल आवर्धन परियोजना की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को निर्माण कार्यों में उच्च गुणवत्ता सुनिश्चित करने और सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने विकास कार्यों की नियमित निगरानी करने पर भी जोर दिया।

पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने कम प्रगति वाले महाविद्यालयों के साथ बैठक कर छात्र-छात्राओं के अधिक से अधिक आवेदन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने संबंधित विभाग को नियमित मॉनिटरिंग कर आवेदन प्रक्रिया में तेजी लाने और पात्र विद्यार्थियों को योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रस्तावित शिवरीनारायण प्रवास की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने और सभी तैयारियां व्यवस्थित ढंग से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार पोयाम, अपर कलेक्टर स्निग्धा तिवारी, अपर कलेक्टर प्रमोद कुमार गुप्ता, संयुक्त कलेक्टर संदीप ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

759690 Articles

Share this story