पेंशनधारियों के लिए लगा ई-केवाईसी शिविर, वार्डों में नौ मार्च तक चलेगा अभियान

WhatsApp Channel Join Now
पेंशनधारियों के लिए लगा ई-केवाईसी शिविर, वार्डों में नौ मार्च तक चलेगा अभियान


धमतरी, 28 फ़रवरी (हि.स.)। सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ निर्बाध रूप से मिलता रहे, इसके लिए नगर पालिक निगम ने पेंशनधारियों के लिए विशेष ई-केवाईसी अभियान शुरू किया है। सामाजिक सुरक्षा पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन, सुखद सहारा पेंशन, विधवा पेंशन और दिव्यांग पेंशन प्राप्त करने वाले सभी हितग्राहियों के लिए ई-केवाईसी अनिवार्य किया गया है।

नगर पालिक निगम द्वारा 12 फरवरी से नौ मार्च तक शहर के विभिन्न वार्डों में शिविर लगाकर पेंशनधारियों के खाते अपडेट किए जा रहे हैं। शनिवार 28 फरवरी को बनियापारा एवं मोटर स्टैंड वार्ड के हितग्राहियों के लिए महिला समाज भवन में शिविर आयोजित किया गया, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर अपनी ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी कराई। पेंशन शाखा प्रभारी राजेंद्र यादव ने सभी पेंशनधारियों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि और स्थान पर पहुंचकर अनिवार्य रूप से अपनी ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी करा लें, ताकि पेंशन भुगतान में किसी प्रकार की बाधा न आए। इस विशेष अभियान से बुजुर्गों, विधवाओं और दिव्यांगजनों को राहत मिल रही है, क्योंकि अब उन्हें दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे, बल्कि सुविधा उनके वार्ड तक पहुंचाई जा रही है।

आगामी शिविरों की तिथियां

दो मार्च: रामसागरपारा एवं रिसाईपारा पूर्व वार्ड – शिव चौक के पास दुर्गा मंचछह मार्च: रिसाईपारा पश्चिम, नयापारा एवं टिकरापारा वार्ड – म्युनिस्पिल स्कूल प्रांगणसात मार्च: अंबेडकर वार्ड – गौरवपथ रोड स्थित पार्षद कार्यालयनौ मार्च: सोरिद, जोधापुर एवं डाकबंगला वार्ड – दुर्गा मंदिर के पास सामुदायिक भवन

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story