बलरामपुर में सभी थाना-चौकियों में शुरू हुआ ई-चालान
बलरामपुर, 21 सितंबर (हि.स.)। बलरामपुर जिले में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ अब मौके पर ही ऑनलाइन चालानी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने जिले के सभी थाना और चौकियों में ई-चालान व्यवस्था लागू कर दी है। आज सोमवार से शुरू हुई इस व्यवस्था के तहत अधिकृत पुलिस अधिकारी मौके पर ही ऑनलाइन चालान जारी कर सकेंगे।
पुलिस मुख्यालय रायपुर के निर्देश पर डिजिटल ऑनलाइन चालान और कैशलेस व्यवस्था को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ई-चालान प्रणाली लागू की गई है। इसी क्रम में बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में भी इसे प्रभावी रूप से शुरू किया गया है।
पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्व दीपक त्रिपाठी ने जिले के सभी थाना और चौकी प्रभारियों सहित संबंधित अधिकारियों की ई-चालान आईडी तैयार कराते हुए यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ मौके पर ही ऑनलाइन चालान की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
ई-चालान प्रणाली के माध्यम से नियमों का उल्लंघन सामने आने पर पुलिस अधिकारी तत्काल चालानी कार्रवाई कर सकेंगे। वाहन चालक या वाहन स्वामी परिवहन विभाग की वेबसाइट के माध्यम से घर बैठे ऑनलाइन चालान की राशि का भुगतान कर सकेंगे। इससे चालानी कार्रवाई में पारदर्शिता के साथ कैशलेस भुगतान को भी बढ़ावा मिलेगा।
यातायात प्रभारी एवं रक्षित निरीक्षक बलरामपुर विमलेश कुमार देवांगन ने बताया कि पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार जिले के सभी थाना और चौकी प्रभारियों तथा संबंधित अधिकारियों की ई-चालान आईडी तैयार की गई है। अधिकृत डिवाइस के माध्यम से अधिकारी मौके पर ही यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ ऑनलाइन चालान जारी कर सकेंगे।
ई-चालान के जरिए बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, शराब के नशे में वाहन चलाने और अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के अनुसार, व्यवस्था का उद्देश्य यातायात नियमों के पालन को बढ़ावा देना और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई करना है।
पुलिस के मुताबिक, ई-चालान व्यवस्था से चालानी कार्रवाई त्वरित, पारदर्शी और कैशलेस होगी। इससे जिले की यातायात व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

