जर्जर दुर्गुकोंदल-केवटी मुख्य मार्ग में प्रति दिन हाे रही दुर्घटना

WhatsApp Channel Join Now
जर्जर दुर्गुकोंदल-केवटी मुख्य मार्ग में प्रति दिन हाे रही दुर्घटना


कांकेर, 03 अगस्त (हि.स.)। जिले के भानुप्रतापपुर विकासखंड अंर्तगत दुर्गुकोंदल से केवटी जाने वाला मुख्य मार्ग इन दिनों पूरी तरह जर्जर हो चुका है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिनमें बारिश का पानी भर जाने से राहगीरों को गड्डों की गहराई का अंदाजा तक नहीं लग पाता। इससे प्रति दिन दुर्घटना हाे रही है।

यह सड़क क्षेत्र के कई गांवों को दुर्गुकोंदल मुख्यालय से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग है। प्रतिदिन सैकड़ों दोपहिया, चारपहिया वाहन, स्कूली छात्र-छात्राएं और ग्रामीण इसी मार्ग से आवागमन करते हैं। लेकिन सड़क की बदहाल स्थिति के कारण वाहन चालकों को जान जोखिम में डालकर सफर करना पड़ रहा है।

मानसूनी बारिश के साथ ही स्थिति और भी गंभीर हो गई है। सड़क पर बने गहरे गड्डों में पानी भरने से वाहन फिसलने की घटनाएं बढ़ गई है। खासकर दोपहिया वाहन चालक सबसे अधिक परेशानी का सामना कर रहे हैं। कई बार वाहन चालक गड्डों से बचने के प्रयास में संतुलन खो देते हैं, जिससे हादसे का शिकार हाे रहे है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार संबंधित विभाग का ध्यान इस समस्या की ओर आकर्षित कराया गया, लेकिन अब तक सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई। लोगों ने लोक निर्माण विभाग एवं जिला प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं की गई तो वे आंदोलन करने के लिए भी मजबूर होंगे। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से तत्काल गड्डों की भराई और सड़क के पुनर्निर्माण की मांग की है, जिससे आम जनता को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Share this story