धमतरी : निकासी अभाव में घरों के अंदर भरा पानी, तीन दिन बाद भी स्थिति जस की तस

WhatsApp Channel Join Now
धमतरी : निकासी अभाव में घरों के अंदर भरा पानी, तीन दिन बाद भी स्थिति जस की तस


धमतरी, 27 सितंबर (हि.स.)। लगातार बारिश के बाद शहर के कई हिस्सों में जलभराव की समस्या गहरा गई है। निकासी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण गोकुलपुर वार्ड की बालाजी कालोनी में कई घरों के अंदर तक पानी भर गया है। स्थिति यह है कि कुछ मकानों के कमरों में घुटनों तक पानी जमा है, जबकि कालोनी की गलियों में कमर तक पानी भरा हुआ है। तीन दिन बाद भी जलस्तर कम नहीं होने से रहवासियों की परेशानी बढ़ गई है। घरों में पानी घुसने से रोजमर्रा के काम प्रभावित हो गए हैं और घरेलू सामान भीगने से लोगों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

प्रभावित परिवारों का कहना है कि राशन और अन्य जरूरी सामान लेने के लिए भी उन्हें कमर तक भरे पानी से होकर बाहर निकलना पड़ रहा है। बालाजी कालोनी निवासी गजेंद्र टंडन और योगेश्वरी टंडन ने बताया कि उनके घर के तीन कमरे और हाल में पानी भर गया है। कालोनी के अन्य मकानों की स्थिति भी इसी तरह बनी हुई है। रहवासियों के मुताबिक करीब 20 दिन पहले ही निगम को निकासी की समस्या से अवगत कराया गया था और बारिश के पहले व्यवस्था सुधारने की मांग की गई थी, लेकिन समय रहते प्रभावी पहल नहीं हो सकी। उनका कहना है कि पिछले करीब नौ वर्षों से कालोनी में जलभराव की समस्या बनी हुई है। गजेंद्र टंडन, महेंद्र कुमार, कैलाश कुमार, प्रमिला बाई, योगेश्वरी सहित अन्य रहवासियों ने बताया कि बारिश शुरू होते ही जलभराव की आशंका बनी रहती है। इस बार दो से तीन दिन की बारिश ने स्थिति और बिगाड़ दी। कमरों में पानी भरने से घरेलू सामान खराब हो गया है।

कैलाश कुमार और प्रमिला बाई ने बताया कि जलभराव के कारण लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है। इसके बावजूद समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। पार्षद ईश्वर सोनकर ने बताया कि बालाजी कालोनी बरसाती पानी के बहाव वाले क्षेत्र में आती है, जिसके कारण यहां जलभराव की समस्या उत्पन्न होती है। कालोनी में निकासी की स्थायी व्यवस्था बनाने के लिए प्रयास जारी हैं। वहीं बठेना वार्ड की कुछ गलियों में भी निकासी के अभाव में घरों के भीतर पानी भरने की स्थिति सामने आई है। इससे प्रभावित परिवारों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

लगातार जलभराव से रहवासियों में नाराजगी है। गौरतलब है कि बारिश से पहले नगर निगम द्वारा जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त करने के दावे किए जाते हैं, लेकिन कुछ वार्डों में हर साल जलभराव की समस्या सामने आने से इन व्यवस्थाओं पर सवाल उठ रहे हैं। रहवासियों ने मांग की है कि अस्थायी राहत के साथ जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था की जाए, ताकि बारिश के दौरान बार-बार ऐसी स्थिति निर्मित न हो। इस संबंध में नगर निगम आयुक्त अरुण कुमार वर्मा ने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने के प्रयास जारी हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story