नारायणपुर में लगातार जारी बारिश से कई पंचायतों का जिला मुख्यालय से संपर्क कटा

WhatsApp Channel Join Now
नारायणपुर में लगातार जारी बारिश से कई पंचायतों का जिला मुख्यालय से संपर्क कटा


नारायणपुर, 24 अगस्त (हि.स.)। जिले में दो दिन से लगातार हो रही बारिश के बाद नदी-नाले उफान पर हैं। सोमवार को जिले के अलग-अलग हिस्सों में बाढ़ जैसे हालात बन गए। बड़गांव की माडीन नदी और सोनपुर के बेलगर नाला में पानी बढ़ने से कई गांवों का जिला मुख्यालय से संपर्क कट गया। वहीं जिला मुख्यालय से लगे पहाड़ी मंदिर के पीछे निर्माणाधीन एनएच-130डी पर कुकुर नदी में बनाया गया अस्थाई पुल भी पानी के तेज बहाव में बह गया। इससे नगर पालिका परिषद के दो वार्डों सहित कई ग्राम पंचायतों का जिला मुख्यालय से संपर्क कट गया।

जिला मुख्यालय से करीब 16 किलोमीटर दूर ग्राम पंचायत बावड़ी के आश्रित ग्राम गोटा बेनूर में रविवार रात हुई तेज बारिश के बाद करीब 15 से 20 गांवों को जोड़ने वाली पाइप नुमा कच्ची पुलिया पानी के तेज बहाव में बह गई। पुलिया बहने के बाद ग्रामीणों का मुख्य मार्ग से संपर्क बाधित हो गया है।

मिली जानकारी के अनुसार जिला मुख्यालय से करीब 40 किलोमीटर दूर बड़गांव की माडीन नदी में सोमवार सुबह अचानक पानी बढ़ गया। नदी के उफान पर आने से छोटेडोंगर, ओरछा सहित कई गांवों का जिला मुख्यालय से संपर्क कट गया। पानी का बहाव तेज होने के कारण पुल से आवागमन रोकना पड़ा। इसके चलते पुल के दोनों ओर छोटे-बड़े वाहनों की लंबी कतार लग गई। माडीन नदी में पानी बढ़ने का असर यात्री परिवहन पर भी पड़ा। ओरछा से जिला मुख्यालय के लिए निकली यात्री बस छोटेडोंगर में ही फंस गई। बस में सवार यात्रियों को भी नदी का पानी कम होने का इंतजार करना पड़ रहा है। मार्ग पर आवागमन बंद होने से अन्य वाहन भी दोनों ओर खड़े रहे। ओरछा क्षेत्र के लिए यह जिला मुख्यालय से जुड़ने वाले प्रमुख मार्गों में से एक है।

बारिश के मौसम में माडीन नदी का जलस्तर बढ़ने पर इस मार्ग पर आवागमन प्रभावित होता है। सोमवार को भी नदी के तेज बहाव के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। जिला मुख्यालय से करीब 25 किलोमीटर दूर सोनपुर गांव के पास स्थित बेलगर नाला भी सोमवार सुबह उफान पर आ गया। नाले में पानी बढ़ने से गारपा, होरादी, मसपुर, पांगुड सहित दर्जनों गांवों का जिला मुख्यालय से संपर्क प्रभावित हो गया। लगातार बारिश का असर जिला मुख्यालय से लगे इलाकों में भी दिखाई दिया। पहाड़ी मंदिर के पीछे निर्माणाधीन एनएच-130डी में कुकुर नदी पर आवागमन के लिए बनाई गई अस्थाई पुलिया पानी के तेज बहाव में बह गई। पुलिया बहने से इस मार्ग से जुड़े नगर पालिका परिषद के दो वार्डों सहित कई ग्राम पंचायतों का जिला मुख्यालय संपर्क कट गया। लगातार बारिश के चलते प्रशासन और संबंधित विभागों के सामने भी नदी-नालों के बढ़ते जलस्तर के बीच आवागमन बहाल रखने की चुनौती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Share this story