जांजगीर चांपा : नशे में महिला से मारपीट व धमकी, आरोपित गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
जांजगीर चांपा : नशे में महिला से मारपीट व धमकी, आरोपित गिरफ्तार


अकलतरा पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपित को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया

जांजगीर-चांपा, 02 अप्रैल (हि. स.)। जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ मारपीट और धमकी देने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आज गुरुवार काे आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपित के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं, जिसके चलते उसके विरुद्ध गुंडा बदमाश की कार्रवाई भी की जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अकलतरा क्षेत्र की एक महिला ने थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 31 मार्च की रात लगभग 10 से 11 बजे के बीच मस्जिद मोहल्ला निवासी इब्राहिम खान उर्फ नक्कू (29 वर्ष) शराब के नशे में उसके घर पहुंचा। आरोपित ने महिला के साथ अश्लील गाली-गलौच करते हुए पैसों की मांग की। पैसे नहीं देने पर उसने महिला और उसकी मां के साथ मारपीट की तथा बाल पकड़कर घसीटा, जिससे दोनों को चोटें आईं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अपराध क्रमांक 176/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 351(3), 115(2) और 119(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

विवेचना के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर गवाहों के बयान दर्ज किए। इसके बाद आरोपित को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा के नेतृत्व में महिला प्रधान आरक्षक स्वाति गिरोलकर, आरक्षक राज पांडे और रमेश भारद्वाज का सराहनीय योगदान रहा।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Share this story