अम्बिकापुर : शराब पीकर बाइक दौड़ा रहे युवक पर 10 हजार रुपये का जुर्माना

WhatsApp Channel Join Now
अम्बिकापुर : शराब पीकर बाइक दौड़ा रहे युवक पर 10 हजार रुपये का जुर्माना


अम्बिकापुर, 02 सितंबर (हि.स.)। सरगुजा जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस प्रशासन लगातार सख्त रुख अपनाए हुए है। डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) राजेश अग्रवाल (भा.पु.से.) के स्पष्ट निर्देशों के तहत यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के खिलाफ सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को बतौली थाना पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान शराब के नशे में धुत होकर लापरवाही पूर्वक दोपहिया वाहन चलाने वाले एक युवक के खिलाफ ठोस वैधानिक कार्रवाई की है।

वाहन जांच के दौरान पुलिस टीम ने जब बाइक (क्रमांक सीजी 15 ईके 3124) को रोककर पूछताछ की, तो चालक की पहचान देवरी (थाना बतौली) निवासी 25 वर्षीय निलेश तिर्की, पिता गोहदुल तिर्की के रूप में हुई। जांच के दौरान चालक पूरी तरह नशे की हालत में मिला। चिकित्सकीय परीक्षण (मेडिकल मुलाहिजा) में शराब के अत्यधिक सेवन की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया।

बतौली पुलिस ने मामले को सक्षम न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां अदालत ने यातायात सुरक्षा को सर्वोपरि मानते हुए आरोपित बाइक चालक पर 10,000 रुपये का भारी अर्थदंड लगाया। नियमों की अवहेलना करने वालों को कड़ा संदेश देने वाली इस पूरी कार्रवाई में बतौली थाना प्रभारी निरीक्षक विवेक सेंगर एवं उनकी टीम के अन्य पुलिसकर्मियों की सक्रिय भूमिका रही।

हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह

Share this story