अम्बिकापुर : ड्रंक एंड ड्राइव पर सख्त कार्रवाई, शराबी बाइक चालक पर न्यायालय ने लगाया 10 हजार रुपये का जुर्माना

WhatsApp Channel Join Now
अम्बिकापुर : ड्रंक एंड ड्राइव पर सख्त कार्रवाई, शराबी बाइक चालक पर न्यायालय ने लगाया 10 हजार रुपये का जुर्माना


अम्बिकापुर, 10 सितंबर (हि.स.)। सड़क हादसों पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराने के लिए सरगुजा पुलिस लगातार एक्शन मोड में है। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यातायात शाखा की टीम ने एक बार फिर नियमों को ताक पर रखने वाले वाहन चालकों पर कड़ी कार्रवाई की है।

चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक मोटरसाइकिल (सीजी 13 बीएन 1984) के चालक को रोककर पूछताछ की, जिसने अपनी पहचान फूल किशोर पैकरा निवासी बागमहार, जिला जशपुर के रूप में बताई। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों को चालक की हालत संदिग्ध लगी, जिसके बाद ब्रेथ एनालाइजर से उसकी जांच की गई। जांच में स्पष्ट हुआ कि चालक ने भारी मात्रा में शराब पी रखी थी और वह नशे की हालत में वाहन चला रहा था।

पुलिस ने तुरंत मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत मामला दर्ज कर प्रकरण को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया, जहाँ न्यायाधीश ने आरोपित चालक को दोषी मानते हुए 10,000 रुपये के अर्थदंड से दंडित किया है। इस पूरी सख्त कार्रवाई को सफल बनाने में यातायात शाखा प्रभारी उप निरीक्षक विजय कैवर्त एवं उनकी पूरी टीम की सक्रिय भूमिका रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह

Share this story