अंबिकापुर : ड्रंक एंड ड्राइव पर सख्ती, दो बाइक चालकों पर 20 हजार रुपये का जुर्माना
अंबिकापुर , 13 मार्च (हि.स.)।सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण के लिए सरगुजा पुलिस द्वारा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में शुक्रवार को थाना बतौली पुलिस ने ड्रंक एंड ड्राइव के दो मामलों में वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें कुल 20 हजार रुपये के अर्थदंड से दंडित कराया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देशन में जिलेभर में यातायात नियमों के उल्लंघन पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी दौरान थाना बतौली पुलिस टीम द्वारा वाहन चेकिंग के दौरान दो दोपहिया वाहन चालकों को रोककर जांच की गई।
जांच के दौरान बजाज पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी/14/एमक्यू/7584 के चालक कुलदीप ठाकुर (20 वर्ष), निवासी खड़धोवा थाना बतौली तथा वाहन क्रमांक सीजी/15/डीपी/7607 के चालक सुपील नागेश (34 वर्ष), निवासी डहौली थाना लुंड्रा का डॉक्टरी परीक्षण कराया गया। परीक्षण में दोनों वाहन चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए।
इस पर थाना बतौली पुलिस ने दोनों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर मामला न्यायालय में प्रस्तुत किया। न्यायालय ने दोनों मामलों में वाहन चालकों पर 10-10 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया।
पुलिस ने बताया कि यातायात नियमों की अवहेलना करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी बतौली निरीक्षक विवेक सेंगर, आरक्षक राजू कुजूर, जोगी बड़ा और राजेश खलखो की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह

