बलरामपुर : विद्यार्थियों ने लिया नशामुक्त समाज का सामूहिक संकल्प

WhatsApp Channel Join Now
बलरामपुर : विद्यार्थियों ने लिया नशामुक्त समाज का सामूहिक संकल्प


बलरामपुर, 10 अगस्त (हि.स.)। ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ संकल्प अभियान के तहत जिले में नशे के खिलाफ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में विकासखंड कुसमी के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय सेमरा में वृहद नशामुक्ति कार्यक्रम आयोजित किया गया। आज सोमवार को हुए कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों और युवाओं ने भाग लिया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष हीरामुनी निकुंज, जनप्रतिनिधि और संबंधित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। विद्यार्थियों और युवाओं ने स्वयं नशे से दूर रहने, अपने परिवार और समाज को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का सामूहिक संकल्प लिया।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशे के सेवन से होने वाले स्वास्थ्य, सामाजिक और पारिवारिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। युवाओं को शिक्षा, खेल, रचनात्मक गतिविधियों और सकारात्मक कार्यों के माध्यम से अपनी ऊर्जा का बेहतर उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों की राज्य स्तर पर चयनित सहभागिता भी रही। विद्यार्थियों ने नशे के खिलाफ जागरूकता संदेश देते हुए स्वयं नशे से दूर रहने और अपने साथियों, परिवारजनों तथा समुदाय के लोगों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने की प्रतिबद्धता जताई।

भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत माय भारत की ओर से ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ संकल्प अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के माध्यम से युवाओं को स्वस्थ, अनुशासित और नशामुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। कार्यक्रम में युवाओं से नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहकर विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story