बलरामपुर : छात्रावासों में बच्चों ने दिया नशामुक्त समाज का संदेश

WhatsApp Channel Join Now
बलरामपुर : छात्रावासों में बच्चों ने दिया नशामुक्त समाज का संदेश


बलरामपुर, 09 अगस्त (हि.स.)। नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और युवाओं को नशे से दूर रखने के उद्देश्य से जिले के छात्रावासों में नशामुक्ति अभियान के तहत विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। आज रविवार को प्री-मैट्रिक बालक छात्रावास चलगली सहित जिले के विभिन्न छात्रावासों में विद्यार्थियों ने स्लोगन, निबंध, चित्रकला और निबंध वाचन प्रतियोगिताओं में भाग लेकर नशामुक्त समाज का संदेश दिया।

कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के मार्गदर्शन में और सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग के नेतृत्व में आयोजित गतिविधियों में विद्यार्थियों ने नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों को चित्रों और शब्दों के माध्यम से प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों ने ‘नशे को कहें ना, जिंदगी को कहें हां’ जैसे संदेशों के जरिए लोगों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया।

अभियान के तहत छात्रावासों में विद्यार्थियों और संबंधित लोगों को नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई गई। सभी ने स्वयं नशे से दूर रहने के साथ परिवार, मित्रों और समाज के अन्य लोगों को भी नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।

विद्यार्थियों को चलचित्रों और दृश्य प्रस्तुतियों के माध्यम से नशे की लत के दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ परिवार की खुशहाली और सामाजिक जीवन को भी प्रभावित करता है। इसके साथ ही नशे से दूर रहने के फायदे और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व के बारे में भी जानकारी दी गई।

नशामुक्ति अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों में स्वस्थ जीवनशैली, सकारात्मक सोच और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। छात्रावासों में विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी से नशामुक्त समाज के लिए जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story