अम्बिकापुर : नशीले इंजेक्शन के साथ युवक गिरफ्तार, आबकारी विभाग की कार्रवाई

WhatsApp Channel Join Now
अम्बिकापुर : नशीले इंजेक्शन के साथ युवक गिरफ्तार, आबकारी विभाग की कार्रवाई


अम्बिकापुर, 07 जुलाई (हि.स.)। सरगुजा जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ संभागीय आबकारी उड़नदस्ता टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। मंगलवार को टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर गंगापुर स्थित 'श्याम लॉज' में दबिश देकर भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन के साथ एक आरोपित को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

पकड़ा गया आरोपित साहिल तिर्की, जो लुण्ड्रा थाने के अंतर्गत चौकी रघुनाथपुर के ग्राम बटवाही का निवासी है, लॉज के कमरा नंबर 105 में रुककर शहर के विभिन्न इलाकों में घूम-घूमकर नशीली दवाओं की सप्लाई कर रहा था।

सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता को मिली गोपनीय सूचना के बाद उड़नदस्ता टीम ने पूरी सतर्कता के साथ लॉज की घेराबंदी की। जब संदेही का कमरा खुलवाया गया, तो वह कहीं भागने की फिराक में था। गवाहों की मौजूदगी में ली गई तलाशी के दौरान आरोपित के पास से 10 नग रेक्सोजेसिक और 10 नग एविल इंजेक्शन बरामद किए गए।

प्रतिबंधित नशीली दवाएं जब्त करते हुए आबकारी टीम ने आरोपित साहिल तिर्की के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 22 (बी) के तहत मामला दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश किया, जहाँ से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

सहायक जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि आरोपित जिस मुख्य सप्लायर से यह माल खरीदकर लाया था, उसकी पहचान कर ली गई है और जल्द ही उसे भी सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

इस पूरी कार्रवाई को अंजाम देने में सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के नेतृत्व के साथ प्रधान आरक्षक अशोक सोनी, नगर सैनिक रणविजय सिंह और रोहित सोनवानी की बेहद महत्वपूर्ण भूमिका रही।

हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह

Share this story