रिमझिम बारिश से जनजीवन प्रभावित, धान की फसल को मिली संजीवनी
धमतरी, 22 अगस्त (हि.स.)। धमतरी जिले में शनिवार सुबह से रिमझिम बारिश का दौर जारी है। लगातार हो रही बारिश से जहां जनजीवन प्रभावित हुआ है, वहीं किसानों के चेहरों पर खुशी नजर आ रही है। सुबह से ही शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में लोग छतरी और रेनकोट के सहारे आवागमन करते दिखाई दिए। सड़कों पर जगह-जगह पानी भरने से लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ा। गड्ढों में पानी भर जाने से वाहन चालकों को भी संभलकर गुजरना पड़ा। धमतरी जिले के चारों ब्लॉक धमतरी, कुरूद, मगरलोड और नगरी में मौसम का लगभग एक जैसा ही हाल बना हुआ है। आसमान में बादल छाए हुए हैं और रुक-रुककर बारिश हो रही है। लगातार बारिश के चलते जिले के प्रमुख बांधों गंगरेल, सोंढूर, माडमसिल्ली और दुधावा में पानी की आवक बनी हुई है। ऊपरी क्षेत्रों में हो रही बारिश का असर बांधों के जलस्तर पर भी दिखाई दे रहा है। जलाशयों में लगातार पानी पहुंच रहा है। जिले के बांधों में करीब 80 प्रतिशत तक जलभराव होने की जानकारी है। ऐसे में आने वाले दिनों में अच्छी बारिश होने पर जलस्रोतों की स्थिति और बेहतर होने की उम्मीद जताई जा रही है।
धान फसल के लिए अमृत समान बारिश:
रिमझिम बारिश किसानों के लिए राहत लेकर आई है। धान की फसल के लिए यह बारिश अमृत के समान मानी जा रही है। किसान वेदप्रकाश साहू ने कहा कि रिमझिम बारिश खेती के लिए बेहद फायदेमंद है। इससे खेतों में नमी बनी रहेगी और धान की फसल को पर्याप्त पानी मिलेगा। किसान गंभीर साहू ने बताया कि अंचल में रोपाई का काम लगभग पूरा हो चुका है। ऐसे समय में हो रही बारिश से फसल को फायदा मिलेगा और अच्छी पैदावार की उम्मीद बढ़ी है। किसानों का कहना है कि बारिश का यह सिलसिला खेती के लिहाज से अनुकूल रहा तो धान की फसल इस बार बेहतर उत्पादन दे सकती है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

