कोरबा में चालकाें की हड़ताल से बसों के पहिए थमे, माल परिवहन ठप; स्कूल बसें भी बंद

WhatsApp Channel Join Now




कोरबा, 12 नवंबर (हि. स.)। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में चालकाें के स्टेयरिंग छोड़ो आंदोलन का व्यापक असर आज देखने को मिल रहा है। अखिल भारतीय ड्राइवर ज्वाइंट कमेटी के आह्वान पर जिले के चालकाें ने गुरुवार से अपनी विभिन्न मांगों को लेकर हड़ताल शुरू कर दी है। आंदोलन के चलते यात्री बसों का संचालन प्रभावित हुआ है, वहीं माल परिवहन व्यवस्था भी ठप पड़ गई है। स्कूल बसों के चालकाें के हड़ताल में शामिल होने से स्कूली बच्चों और अभिभावकों की परेशानी भी बढ़ गई है।

चालकाें का कहना है कि लंबे समय से उनके अधिकारों, सुरक्षा और कल्याण से जुड़ी मांगों को नजरअंदाज किया जा रहा है। इसी के विरोध में देशव्यापी आंदोलन के समर्थन में हड़ताल शुरू की गई है। उनकी प्रमुख मांगों में ड्राइवरों के अधिकारों की सुरक्षा के लिए ठोस व्यवस्था बनाने के साथ राष्ट्रीयस्तर पर ड्राइवर आयोग और वेलफेयर बोर्ड का गठन करना शामिल है।

हड़ताल का असर सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था पर साफ दिखाई दे रहा है। बसों का संचालन बाधित होने से दूसरे शहरों और कस्बों तक सफर करने वाले यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, मालवाहक वाहनों के ड्राइवरों के आंदोलन में शामिल होने से माल की ढुलाई भी प्रभावित हुई है।

स्कूल बसों के चालकाें ने भी आंदोलन को समर्थन देते हुए स्टेयरिंग छोड़ दी है। इसके कारण कई स्कूलों में छुट्टी घोषित करनी पड़ी, जबकि कुछ स्कूलों में परिवहन सुविधा नहीं मिलने से बच्चे पहुंच ही नहीं सके। अभिभावकों को भी बच्चों को स्कूल लाने-ले जाने में परेशानियों का सामना करना पड़ा।

ड्राइवर संगठन के अनुसार, वर्ष 2025 में भी अपनी मांगों को लेकर इसी तरह हड़ताल की गई थी। उस समय शासन की ओर से आश्वासन मिलने के बाद करीब 36 घंटे में आंदोलन स्थगित कर दिया गया था। हालांकि, संगठन का आरोप है कि आश्वासन के बावजूद मांगों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। राष्ट्रीय ड्राइवर आयोग और राज्यों में वेलफेयर बोर्ड के गठन को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं होने से ड्राइवरों में नाराजगी बनी हुई है। इसी के चलते एक बार फिर आंदोलन का रास्ता अपनाया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775682 Articles

Share this story