कोरबा में पेयजल व्यवस्था को लेकर प्रशासन सतर्क, गर्मी से पहले तैयारी के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
कोरबा में पेयजल व्यवस्था को लेकर प्रशासन सतर्क, गर्मी से पहले तैयारी के निर्देश


कोरबा, 24 मार्च (हि. स.)। जिले में गर्मी के मौसम को देखते हुए पेयजल संकट से निपटने के लिए प्रशासन ने अभी से तैयारी शुरू कर दी है। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देशन में निगमायुक्त आशुतोष पांडेय ने आज समय-सीमा की बैठक लेकर नगरीय निकायों और ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति की समीक्षा की।

निगमायुक्त ने निर्देश दिए कि, गर्मी के दौरान लोगों को पानी की समस्या का सामना न करना पड़े, इसके लिए व्यापक तैयारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने जरूरत के अनुसार टैंकरों की व्यवस्था, नई पाइपलाइन बिछाने और खराब हैंडपंपों की मरम्मत कराने के निर्देश दिए।

बैठक में लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए उनके त्वरित निराकरण पर जोर दिया गया। खाद्य विभाग की समीक्षा में धान उठाव में तेजी लाने और पीडीएस दुकानों में समय पर खाद्यान्न वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

राजस्व मामलों की समीक्षा के दौरान निगमायुक्त ने नामांतरण, खाता विभाजन, सीमांकन और त्रुटि सुधार जैसे प्रकरणों के शीघ्र निराकरण पर जोर दिया। साथ ही मसाहती ग्रामों के प्रकाशन कार्य में प्रगति लाने के निर्देश दिए। किसान योजनाओं की समीक्षा में पीएम किसान सम्मान निधि, एग्रीटेक पोर्टल और केसीसी प्रकरणों की स्थिति पर चर्चा की गई। अपात्र किसानों के आवेदनों की पुनः जांच कर पात्र पाए जाने पर लाभ देने के निर्देश दिए गए।

स्वास्थ्य विभाग को आभा आईडी, आयुष्मान कार्ड और अन्य योजनाओं में प्रगति लाने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना, पीएम सूर्यघर योजना, आंगनबाड़ी भवन निर्माण और अन्य विकास कार्यों की समीक्षा कर उन्हें तेजी से पूरा करने को कहा गया।

निगमायुक्त ने विद्युत विभाग को ट्रांसफार्मर की मांग के अनुसार कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही पीएम जनमन योजना के तहत आवास, सड़क, पेयजल और अन्य निर्माण कार्यों को बारिश से पहले पूरा करने पर जोर दिया गया।

बैठक में पीएमओ, मानवाधिकार और सीएम जनदर्शन से जुड़े लंबित मामलों के शीघ्र निपटारे के निर्देश भी दिए गए। इस दौरान जिले के वरिष्ठ अधिकारी और सभी विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Share this story