‘मेरे सपनों का भारत’ पर बलरामपुर के विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
बलरामपुर, 19 सितंबर (हि.स.)। सेवा संकल्प अभियान’ के तहत ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर जिले के विद्यार्थियों के लिए विभिन्न शैक्षणिक और रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में शनिवार को विकासखंड शंकरगढ़ के सभी शासकीय हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूलों में भाषण प्रतियोगिता और चित्रकला प्रदर्शनी आयोजित की गई।
भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर अपने विचार रखे। बच्चों ने सशक्त, समृद्ध और आधुनिक भारत की अपनी कल्पना को सरल शब्दों में सामने रखा। इस दौरान विद्यार्थियों की अभिव्यक्ति क्षमता और आत्मविश्वास देखने को मिला।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई चित्रकला भी प्रदर्शित की गई। शाला प्रबंध समिति के अध्यक्ष और सदस्यों के साथ जनपद सदस्य, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में अभिभावक कार्यक्रम में शामिल हुए। अतिथियों ने बच्चों की बनाई चित्रकला का अवलोकन किया और उनकी रचनात्मकता की सराहना की।
इसी क्रम में सेजेस राजपुर में भी विद्यार्थियों की चित्रकला प्रदर्शनी लगाई गई। बच्चों ने कैनवास पर विभिन्न आकृतियों और संदेशों के माध्यम से अपने विचार प्रस्तुत किए। प्रदर्शनी में विद्यार्थियों की रचनात्मक सोच और प्रतिभा देखने को मिली।
इस तरह के आयोजनों से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ-साथ अपने विचारों को मंच पर रखने का अवसर मिल रहा है। इससे बच्चों में रचनात्मकता, अभिव्यक्ति क्षमता और राष्ट्र निर्माण के प्रति दायित्वबोध विकसित करने में मदद मिल रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

