रानीसागर में सड़क पर जमा नाली का पानी, बीमारी फैलने की आशंका से दहशत
जांजगीर चांपा/सारंगढ़, 05 अक्टूबर (हि. स.)। सारंगढ़ नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक-1 रानीसागर में नाली जाम होने से नाली का गंदा पानी सड़क पर फैल गया है। पिछले करीब एक सप्ताह से सड़क पर जमा गंदे पानी के कारण मोहल्लेवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर सड़क पर करीब आधा फीट तक नाली का पानी जमा हो गया है। गंदे पानी के जमाव के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ने के साथ ही दुर्गंध और गंदगी से लोगों में बीमारी फैलने की आशंका बनी हुई है।
स्थानीय लोगों ने नगर पालिका प्रशासन से तत्काल नाली की सफाई कर पानी की निकासी बहाल कराने की मांग की है।
रानीसागर में जिस स्थान पर यह समस्या बनी हुई है, वहां पूर्व विधायक पद्मा मनहर के निवास के सामने भी नाली की स्थिति बेहद खराब बताई जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार नाली जाम होने की शिकायत कई बार नगर पालिका के जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों से की जा चुकी है।
पूर्व विधायक पद्मा मनहर ने बताया कि नाली की सफाई और जल निकासी की समस्या को लेकर नगर पालिका के जिम्मेदारों को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
मोहल्लेवासियों के अनुसार नाली की निकासी बंद होने के कारण घरों से निकलने वाला पानी नाली में जमा होता जा रहा है और अब सड़क पर फैलने लगा है। लगातार पानी जमा रहने से सड़क पर आवाजाही भी प्रभावित हो रही है। गंदे पानी में मच्छरों के पनपने से लोगों की चिंता और बढ़ गई है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते नाली की सफाई नहीं कराई गई तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है।
मोहल्लेवासियों ने पेयजल पाइपलाइन को लेकर भी चिंता जताई है। उनका कहना है कि सड़क पर जमा नाली का गंदा पानी जलापूर्ति की पाइपलाइन के आसपास पहुंच गया है। ऐसे में पाइपलाइन में किसी प्रकार का रिसाव होने की स्थिति में दूषित पानी घरों तक पहुंचने की आशंका से लोग चिंतित हैं। हालांकि दूषित पेयजल की आपूर्ति हुई है या नहीं, इसकी पुष्टि संबंधित विभाग द्वारा नहीं की गई है, लेकिन संभावित स्वास्थ्य जोखिम को देखते हुए लोग तत्काल जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि नगर पालिका द्वारा नालियों के निर्माण और सफाई पर ध्यान देने के बावजूद यदि नियमित सफाई नहीं होगी तो जल निकासी की समस्या बनी रहेगी। रानीसागर में करीब एक सप्ताह से सड़क पर पानी जमा होने के बावजूद सफाईकर्मियों के नहीं पहुंचने को लेकर भी लोगों में नाराजगी है। नागरिकों ने मांग की है कि नगर पालिका के जिम्मेदार अधिकारी मौके का निरीक्षण कर तत्काल नाली की सफाई कराएं और पानी की निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करें।
मोहल्लेवासियों का कहना है कि यदि जल्द ही सड़क पर जमा नाली के पानी और जाम नाली की समस्या का निराकरण नहीं किया गया तो वे नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे। अब देखना होगा कि लगातार शिकायतों के बाद नगर पालिका प्रशासन रानीसागर की इस समस्या के समाधान के लिए कब तक ठोस कदम उठाता है।
हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

