जांजगीर-चांपा में मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशित
जांजगीर-चांपा, 12 नवंबर (हि. स.)। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार छत्तीसगढ़ में विशेष संक्षिप्त मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत 12 नवंबर 2026 को मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशन किया गया। इसी सिलसिले में जांजगीर-चांपा कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने गुरुवार को राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों की बैठक लेकर पुनरीक्षण कार्यक्रम की जानकारी दी।
बैठक में कलेक्टर ने बताया कि अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के संदर्भ में जिले में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद मतदान केंद्रों के युक्तियुक्तकरण, मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन और दावा-आपत्तियों के निराकरण जैसी प्रक्रियाएं पूरी की जाएंगी।
इस दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित प्रारूपों की जानकारी दी गई। साथ ही सभी राजनीतिक दलों से बूथ लेवल एजेंट नियुक्त करने का आग्रह किया गया, ताकि मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया में सहयोग मिल सके।
विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशन 12 नवंबर 2026 को किया गया है। मतदाता 11 दिसंबर 2026 तक अपना दावा एवं आपत्ति दर्ज करा सकेंगे। प्राप्त दावों और आपत्तियों का निराकरण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा। इसके बाद मतदाता सूची के डेटाबेस को अपडेट करने और पूरक सूची के मुद्रण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को होगा।
जिला प्रशासन ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे प्रारूप मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें। इसके लिए वोटर हेल्पलाइन मोबाइल ऐप अथवा भारत निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट का उपयोग किया जा सकता है। इसके अलावा मतदाता अपने क्षेत्र के मतदान केंद्र में बूथ लेवल अधिकारी से संपर्क कर भी सूची में अपना नाम देख सकते हैं।
बैठक में डिप्टी कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी नीतिश वर्मा, निर्वाचन पर्यवेक्षक राकेश प्रधान सहित हितेश यादव, मोहन सिंह, शिशिर द्विवेदी, आशुतोष गोपाल, लखन लाल साहू, कीर्तन लाल साहू तथा संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

