डॉ. दिनेश नाग को मिलेगा राज्य धन्वन्तरि सम्मान

WhatsApp Channel Join Now
डॉ. दिनेश नाग को मिलेगा राज्य धन्वन्तरि सम्मान


आयुर्वेद चिकित्सा, शिक्षा एवं शोध के क्षेत्र में योगदान के लिए शहीद वीर नारायण सिंह स्मृति राज्य अलंकरण से होंगे सम्मानित

धमतरी, 01 नवंबर (हि.स.)। आयुर्वेद चिकित्सा, शिक्षा एवं शोध-अनुसंधान के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए ग्राम मुजगहन निवासी डॉ. दिनेश कुमार नाग को वर्ष 2026 के शहीद वीर नारायण सिंह स्मृति राज्य अलंकरण के अंतर्गत छत्तीसगढ़ राज्य धन्वन्तरि पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। उनकी इस उपलब्धि से मुजगहन सहित धमतरी जिले का गौरव बढ़ा है।

राज्योत्सव के समापन समारोह में 3 नवंबर को शाम 6 बजे नवा रायपुर अटल नगर स्थित राज्योत्सव मैदान में यह सम्मान प्रदान किया जाएगा। समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि तथा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय अध्यक्षता करेंगे। डॉ. दिनेश नाग पिछले 16 वर्षों से आयुर्वेद, पंचकर्म, योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा के माध्यम से जनस्वास्थ्य सेवा और आयुष चिकित्सा पद्धतियों के प्रचार-प्रसार में जुटे हैं। उनकी प्रारंभिक शिक्षा मुजगहन में हुई। उन्होंने धमतरी के मेनोनाइट एवं नूतन स्कूल से स्कूली शिक्षा प्राप्त की। उत्कल विश्वविद्यालय ओडिशा से बीएएमएस तथा श्री रावतपुरा सरकार विश्वविद्यालय से योग एवं नेचुरोपैथी में मास्टर डिग्री हासिल की है। वर्तमान में वे योग विषय में पीएचडी शोधार्थी हैं।

उन्होंने उज्जैन, ऋषिकेश एवं केरल से पंचकर्म तथा बीएचयू वाराणसी से क्षारसूत्र का विशेष प्रशिक्षण प्राप्त किया है। डॉ. नाग अब तक 200 से अधिक निशुल्क चिकित्सा शिविरों के माध्यम से जरूरतमंदों को स्वास्थ्य सेवाएं दे चुके हैं। विद्यालयों में स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रमों के जरिए विद्यार्थियों को योग और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक भी कर रहे हैं। वे श्री गायत्री आरोग्यम (आयुष) पॉली क्लीनिक धमतरी के संचालक, आरोग्य भारती छत्तीसगढ़ के प्रांत उपाध्यक्ष तथा विश्व आयुर्वेद परिषद धमतरी के जिला अध्यक्ष हैं। इसके अलावा आयुर्वेद महासंघ एवं सोसाइटी ऑफ क्लीनिकल आयुर्वेद के जिला अध्यक्ष और इंटरनेशनल नेचुरोपैथी आर्गेनाइजेशन के जिला समन्वयक का दायित्व निभा रहे हैं। उनकी इस उपलब्धि पर शुभचिंतकों और क्षेत्रवासियों ने हर्ष जताते हुए बधाई दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770764 Articles

Share this story