केशकाल विधायक ने पीएमश्री स्कूल में डबल शिफ्ट किया खत्म, एक ही पाली में होगी पढ़ाई

WhatsApp Channel Join Now
केशकाल विधायक ने पीएमश्री स्कूल में डबल शिफ्ट किया खत्म, एक ही पाली में होगी पढ़ाई


काेंड़ागांव, 13 नवंबर (हि.स.)। जिले के केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शिक्षा विजन और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सुशासन की मंशा को धरातल पर उतारते हुए बच्चों के हित में एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए केशकाल विधानसभा के अंतर्गत विश्रामपुरी स्थित पीएमश्री स्कूल में दो पालियों (डबल शिफ्ट) में कक्षाएं संचालित होने के कारण दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले छात्र-छात्राओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। विशेषकर बालिकाओं को शाम के समय घर लौटने में परिवहन एवं सुरक्षा संबंधी कठिनाइयां होती थीं। इस समस्या को लेकर पालकों एवं संबंधित लोगों द्वारा मांग उठाई जा रही थी। केशकाल विधायक सीधे मांग स्थल पर पहुंचे और मौके पर ही समस्या का समाधान सुनिश्चित करने की पहल की।

केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम ने बच्चों एवं पालकों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनीं। इसके पश्चात उन्होंने मौके पर ही प्रशासनिक अमले एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों से चर्चा कर आवश्यक निर्देश दिए तथा स्कूल को एक ही पाली में सामान्य रूप से संचालित करने की व्यवस्था सुनिश्चित करने की पहल की। इससे लंबे समय से चली आ रही समस्या के समाधान का रास्ता प्रशस्त हुआ।

इस अवसर पर विधायक नीलकंठ टेकाम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने और विद्यार्थियों को सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है। पीएमश्री स्कूल बच्चों के उज्ज्वल भविष्य और सर्वांगीण विकास की महत्वपूर्ण पहल हैं। ऐसे में विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ सुरक्षा एवं आवागमन संबंधी सुविधाएं मिलना भी आवश्यक है। बच्चों और पालकों की समस्याओं का त्वरित निराकरण करना हमारी जिम्मेदारी है।

पालकों, छात्र-छात्राओं, शाला प्रबंधन एवं विकास समिति तथा प्रबुद्ध नागरिकों ने इस राहतपूर्ण निर्णय के लिए पीएम नरेंद्र मोदी, सीएम विष्णुदेव साय और विधायक नीलकंठ टेकाम के प्रति आभार व्यक्त किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776615 Articles

Share this story