दस्तावेज बनाकर सौंरा (सपेरा) समुदाय को योजनाओं से जोड़ा गया

WhatsApp Channel Join Now
दस्तावेज बनाकर सौंरा (सपेरा) समुदाय को योजनाओं से जोड़ा गया


रायपुर, 4 सितंबर (हि.स.)। रायपुर जिला प्रशासन द्वारा ‘प्रोजेक्ट अहिगुण्डिकः’ के माध्यम से विशेष पहल की जा रही है। कलेक्टर डॉ गौरव सिंह के निर्देश पर ग्राम सिनोधा, तिल्दा में शुक्रवार को विशेष शिविर आयोजित कर सौंरा (सपेरा) समुदाय के 25 लोगों के आधार कार्ड तथा 29 लोगों के जन्म प्रमाण पत्र गांव में ही बनाए गए। इससे ग्रामीणों को दस्तावेज बनवाने के लिए कार्यालयों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ी और उन्हें घर के करीब ही आवश्यक सुविधा उपलब्ध हुई।

जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन के मार्गदर्शन में सौंरा समुदाय के परिवारों को शासन की योजनाओं और सुविधाओं से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। अभियान के अंतर्गत आयुष्मान कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना, जॉब कार्ड सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और आवश्यक दस्तावेजों का लाभ पात्र परिवारों तक पहुंचाने की पहल की जा रही है।

उल्लेखनीय है जिला प्रशासन द्वारा ‘प्रोजेक्ट अहिगुण्डिकः’ के तहत ग्राम सिनोधा में निवासरत सपेरा समुदाय के हर पात्र परिवारों तक शासन के जनकल्याणकारी योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

Share this story