दीपावली बाजार में बढ़ी ग्राहकी, सड़कों पर लग रहा जाम

WhatsApp Channel Join Now
दीपावली बाजार में बढ़ी ग्राहकी, सड़कों पर लग रहा जाम


दीपावली बाजार में बढ़ी ग्राहकी, सड़कों पर लग रहा जाम


धमतरी, 05 नवंबर (हि.स.)। दीपावली पर्व नजदीक आते ही शहर के बाजारों में रौनक बढ़ गई है। खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ने लगी है। कपड़े, सजावटी सामान, पूजन सामग्री, दीपक, मिठाई और आतिशबाजी की दुकानों में ग्राहकों की आवाजाही बढ़ने से बाजार गुलजार हो गया है। दूसरी ओर सड़क किनारे अस्थायी दुकानें और ठेले लगने से यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। शहर के कई इलाकों में दिनभर जाम की स्थिति बन रही है। इसे देखते हुए यातायात पुलिस ने शहर के 20 अलग-अलग स्थानों पर जवानों की तैनाती की है। साथ ही मठ मंदिर चौक से घड़ी चौक की ओर आने वाले मार्ग को वन-वे कर दिया गया है।

दीपावली की खरीदारी के लिए घड़ी चौक से गोलबाजार तक सबसे अधिक भीड़ उमड़ रही है। सड़क के दोनों ओर अस्थायी दुकानें सज गई हैं। कई दुकानदार ठेलों पर तो कुछ सड़क पर चटाई बिछाकर सामान बेच रहे हैं। इससे सड़क की चौड़ाई कम हो गई है और वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। विशेषकर घड़ी चौक के आसपास दुकानें सड़क तक फैलने से राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

पिछले एक सप्ताह से बाजार में भीड़ का सिलसिला जारी है। दीपावली नजदीक आने के साथ इसमें और बढ़ोतरी होने की संभावना है। इसे देखते हुए यातायात पुलिस दुकानदारों को समझाइश दे रही है कि वे अपना सामान सड़क की ओर अधिक न फैलाएं, ताकि व्यापार के साथ यातायात व्यवस्था भी सुचारु बनी रहे।

यातायात व्यवस्था के तहत मठ मंदिर मार्ग से घड़ी चौक की ओर आने वाले तीन पहिया और चार पहिया वाहनों को रोककर देवश्री टॉकीज मार्ग की ओर डायवर्ट किया जा रहा है। वन-वे व्यवस्था लागू होने से घड़ी चौक से गोलबाजार तक यातायात को कुछ राहत मिली है।

यातायात प्रभारी केआर साहू ने बताया कि त्योहार के दौरान जाम की स्थिति निर्मित न हो, इसके लिए 20 यातायात जवानों को अलग-अलग स्थानों पर तैनात किया गया है। लक्ष्मी पूजा के दिन बाजार में भीड़ और बढ़ने की संभावना है। इसे देखते हुए आवश्यकता के अनुसार बड़े वाहनों की आवाजाही दोनों ओर से प्रतिबंधित की जाएगी। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए आगे भी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

772914 Articles

Share this story