बलरामपुर : दिव्यांगों के लिए हर शुक्रवार लग रहा विशेष शिविर, 49 लोगों के बने प्रमाण-पत्र

WhatsApp Channel Join Now

बलरामपुर, 14 जुलाई (हि.स.)।बलरामपुर जिले के पात्र दिव्यांगजनों को शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आज मंगलवार जिला प्रशासन ने जानकारी दी कि कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देश पर सभी विकासखंडों में प्रत्येक शुक्रवार को दिव्यांगता प्रमाण-पत्र शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। अब तक आयोजित शिविरों में 49 दिव्यांगजनों के प्रमाण-पत्र बनाए जा चुके हैं।

समाज कल्याण विभाग के सहायक संचालक दीपचंद्र कुजूर के नेतृत्व में आयोजित इन शिविरों का उद्देश्य दिव्यांगजनों को समय पर प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराकर उन्हें विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना है। प्रमाण-पत्र बनने के बाद पात्र हितग्राही नियमानुसार विभिन्न योजनाओं का लाभ ले सकेंगे।

समाज कल्याण विभाग के अनुसार, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना और इंदिरा गांधी राष्ट्रीय निशक्त पेंशन योजना के तहत पात्र दिव्यांगजनों को प्रतिमाह 500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। वहीं 40 प्रतिशत या उससे अधिक दिव्यांगता वाले पात्र हितग्राहियों को कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण योजना के तहत ट्राइसाइकिल, बैसाखी, श्रवण यंत्र, व्हीलचेयर, स्मार्ट केन सहित अन्य आवश्यक उपकरण नि:शुल्क उपलब्ध कराए जाते हैं।

इसके अलावा निशक्तजन विवाह प्रोत्साहन योजना के तहत पात्र दिव्यांग दंपत्तियों को नियमानुसार प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की जाती है।

कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अधिक से अधिक पात्र दिव्यांगजनों के प्रमाण-पत्र बनाकर उन्हें शासन की योजनाओं से जोड़ा जाए, ताकि वे सरकारी सुविधाओं का लाभ लेकर सामाजिक और आर्थिक रूप से सशक्त बन सकें।

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story