जांजगीर-चांपा मेडिकल कॉलेज निर्माण का संभागायुक्त ने किया निरीक्षण, समय-सीमा में कार्य पूरा करने के दिए निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
जांजगीर-चांपा मेडिकल कॉलेज निर्माण का संभागायुक्त ने किया निरीक्षण, समय-सीमा में कार्य पूरा करने के दिए निर्देश


जांजगीर-चांपा मेडिकल कॉलेज निर्माण का संभागायुक्त ने किया निरीक्षण, समय-सीमा में कार्य पूरा करने के दिए निर्देश


जांजगीर-चांपा, 24 जुलाई (हि. स.)। जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम कुटरा में निर्माणाधीन शासकीय मेडिकल कॉलेज का शुक्रवार को संभागायुक्त सुनील जैन ने निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का विस्तृत जायजा लिया। उन्होंने मेडिकल कॉलेज भवन, छात्रावास, ऑडिटोरियम, पहुंच मार्ग तथा अन्य अधोसंरचनात्मक निर्माण कार्यों का निरीक्षण करते हुए गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करने और निर्धारित समय-सीमा में सभी कार्य पूर्ण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी को दिए।

निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त ने निर्माण कार्यों में उपयोग की जा रही सामग्री की गुणवत्ता, तकनीकी मानकों और कार्य की प्रगति का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि मेडिकल कॉलेज जैसे महत्वपूर्ण संस्थान के निर्माण में सभी निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए ताकि भविष्य में विद्यार्थियों और मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

संभागायुक्त सुनील जैन ने सीजीएमएससी (छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन) के नोडल अधिकारियों से मेडिकल कॉलेज परियोजना की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने विभिन्न भवनों के निर्माण, अधोसंरचनात्मक विकास और शेष कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए परियोजना की पूर्णता की समय-सीमा के बारे में जानकारी प्राप्त की। इस दौरान संबंधित एजेंसी को निर्माण कार्यों में तेजी लाने और गुणवत्ता बनाए रखते हुए समय पर परियोजना पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि मेडिकल कॉलेज जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को नई दिशा देने वाला महत्वपूर्ण संस्थान है, इसलिए निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। प्रत्येक चरण में तकनीकी गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए।

निरीक्षण के दौरान पर्यावरण संरक्षण के संदेश को भी बढ़ावा दिया गया। मेडिकल कॉलेज परिसर में एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत संभागायुक्त सुनील जैन ने पीपल का पौधा लगाया, जबकि कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने आम का पौधरोपण किया। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी पौधरोपण अभियान में सहभागिता निभाई।

निर्माणाधीन शासकीय मेडिकल कॉलेज के पूर्ण होने के बाद जांजगीर-चांपा सहित आसपास के जिलों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने के साथ ही मेडिकल शिक्षा के क्षेत्र में भी नई संभावनाओं का विस्तार होगा। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Share this story