जांजगीर-चांपा में 2 नवंबर को होगा जिला स्तरीय राज्योत्सव, कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने तैयारियों की समीक्षा

WhatsApp Channel Join Now
जांजगीर-चांपा में 2 नवंबर को होगा जिला स्तरीय राज्योत्सव, कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने तैयारियों की समीक्षा


जांजगीर-चांपा, 27 अक्टूबर (हि. स.)। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर जांजगीर-चांपा जिले में 2 नवंबर को जिला स्तरीय राज्योत्सव-2026 का भव्य आयोजन किया जाएगा। जांजगीर के हाईस्कूल मैदान में आयोजित होने वाला यह एक दिवसीय कार्यक्रम ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ की थीम पर आधारित होगा। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने मंगलवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में राज्योत्सव की तैयारियों सहित सड़क निर्माण, स्वास्थ्य सेवाओं, जनशिकायतों और विभिन्न शासकीय योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की।

कलेक्टर ने राज्योत्सव की तैयारियों को लेकर संबंधित विभागों को सौंपे गए दायित्वों का समय पर निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था, मंच, बैठक व्यवस्था, बिजली, पेयजल सहित सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा। इसके साथ ही राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 1 से 3 नवंबर तक जिले के सभी शासकीय भवनों में रात्रिकालीन रोशनी की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।

बैठक में सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल पोर्टल पर शिकायत का निराकरण दर्ज करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि शिकायतकर्ता की संतुष्टि भी सुनिश्चित की जानी चाहिए। इसके लिए संबंधित अधिकारी शिकायतों के निराकरण के बाद शिकायतकर्ताओं से स्वयं बातचीत कर फीडबैक लें। उन्होंने कहा कि सीएम हेल्पलाइन शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

कलेक्टर ने जिले में चल रहे सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए लोक निर्माण विभाग और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों के दौरान आम नागरिकों की आवाजाही प्रभावित नहीं होनी चाहिए। इसके लिए वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था, पर्याप्त संकेतक और निर्माण कार्यों की जानकारी उपलब्ध कराई जाए।

उन्होंने सड़क एवं डिवाइडर निर्माण में निर्धारित गुणवत्ता मानकों का पालन करने, रोलर चलाने, धूल से बचाव के लिए आवश्यकतानुसार पानी का छिड़काव करने तथा बारिश के दौरान जलभराव रोकने के लिए उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि सभी निर्माण कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूरे किए जाएं। उन्होंने निर्माण कार्यों का स्वयं औचक निरीक्षण करने की बात भी कही। इसके अलावा हाउसिंग बोर्ड के निर्माणाधीन कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता की समीक्षा की गई।

जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए कलेक्टर महोबे ने निर्देश दिए कि अस्पताल में सभी आवश्यक जांच सुविधाएं नियमित रूप से संचालित रहें और चिकित्सा उपकरण कार्यशील अवस्था में हों। उन्होंने चिकित्सकों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया। कलेक्टर ने कहा कि अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए वे स्वयं औचक निरीक्षण करेंगे।

बैठक में सेवा सेतु पोर्टल पर निर्धारित समय-सीमा से अधिक लंबित प्रकरणों का तत्काल निराकरण करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सुघ्घर छत्तीसगढ़ पोर्टल पर आवश्यक प्रविष्टियां समय पर और त्रुटिरहित तरीके से पूर्ण करने को कहा गया। कलेक्टर ने अधिकारियों को शासन के विभिन्न पोर्टलों पर दर्ज जानकारियों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश भी दिए।

कलेक्टर ने कृषि विज्ञान केंद्र में 30 अक्टूबर को आयोजित होने वाले पीएम किसान उत्सव की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रम की सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। इसके अलावा प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिक से अधिक नागरिकों को योजना के लाभ, पात्रता और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी देने तथा योजना से जोड़ने पर जोर दिया।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार पोयाम, अपर कलेक्टर स्निग्धा तिवारी, प्रमोद गुप्ता, आरके तंबोली, बीरेन्द्र लकड़ा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767604 Articles

Share this story