राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस पर कोरबा में एचपीवी टीकाकरण व शिशु संरक्षण माह का जिलास्तरीय शुभारंभ

WhatsApp Channel Join Now
राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस पर कोरबा में एचपीवी टीकाकरण व शिशु संरक्षण माह का जिलास्तरीय शुभारंभ


कोरबा, 16 मार्च (हि. स.)। राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस के अवसर पर सोमवार को रानी धनराज कुंवर शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कोरबा में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा साेमवार काे ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) टीकाकरण और शिशु संरक्षण माह का जिलास्तरीय शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य संरक्षण को लेकर जागरूकता भी दी गई।

कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि एचपीवी टीकाकरण से महिलाओं में होने वाले गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर की रोकथाम संभव है। निजी अस्पतालों में इस टीके की कीमत लगभग 4000 रुपये तक होती है, लेकिन छत्तीसगढ़ शासन द्वारा यह जीवनरक्षक टीका महिलाओं को निःशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि आर्थिक कारणों से कोई भी महिला इस महत्वपूर्ण सुरक्षा से वंचित न रहे।

इस अवसर पर शिशुओं को विटामिन ए और आयरन की दवा भी पिलाई गई, जिससे उनके स्वास्थ्य और पोषण स्तर को बेहतर बनाने में मदद मिल सके। स्वास्थ्य विभाग द्वारा बताया गया कि शिशु संरक्षण माह के दौरान बच्चों को आवश्यक पोषण और स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस.एन. केसरी, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. कुमार पुष्पेश, डॉ. दीपक राज सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे टीकाकरण कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी निभाएं और बच्चों तथा महिलाओं के बेहतर स्वास्थ्य के लिए इस अभियान का लाभ उठाएं।

हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Share this story