27 जुलाई को कोरबा में होगी 'नशामुक्त भारत अभियान-2026' की जिलास्तरीय सांस्कृतिक प्रतियोगिता
कोरबा, 23 जुलाई (हि. स.)। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के तहत जिले में संचालित माय भारत युवा कार्यक्रम के अंतर्गत 27 जुलाई को नशामुक्त भारत अभियान-2026 के तहत जिलास्तरीय सांस्कृतिक प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। यह प्रतियोगिता अग्रसेन कन्या महाविद्यालय, कोरबा में सुबह 10 बजे से युवा की उड़ान, नशा मुक्त भारत का निर्माण थीम पर आयोजित होगी।
कलेक्टर कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम की जानकारी देते हुए माय भारत युवा कार्यक्रम के जिला नोडल अधिकारी सतीश प्रकाश सिंह ने बताया कि अभियान के तहत जिले के सभी शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों, हाई स्कूल, हायर सेकेंडरी स्कूलों और अन्य उच्च शिक्षण संस्थानों में 22 जुलाई से 25 जुलाई तक विभिन्न सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। इन संस्थानों से चयनित छात्र-छात्राएं और युवा जिलास्तरीय प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
प्रतियोगिता के दौरान नृत्य, वाद-विवाद, नारा लेखन, चित्रकला, संगीत, रैप सॉन्ग, नुक्कड़ नाटक, कविता गायन, रील मेकिंग और लघु फिल्म निर्माण जैसी विभिन्न विधाओं में प्रतिभागियों के बीच मुकाबला होगा। जिला स्तर पर विजेता बनने वाले प्रतिभागियों को राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए जिलास्तरीय प्रभारी के रूप में सतीश प्रकाश सिंह (जिला नोडल अधिकारी, माय भारत युवा कार्यक्रम), डॉ. बीएल साय (प्राध्यापक, शासकीय ईवीपीजी कॉलेज), सुश्री ईशा गौतम (जिला युवा अधिकारी), डॉ. अर्चना दीवान, डॉ. मधु कंवर, डॉ. किरण बाजपेई, डॉ. वर्षा सिंह तंवर और डॉ. सुशीला कुजूर को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना, उनकी रचनात्मक प्रतिभा को मंच प्रदान करना तथा समाज में नशामुक्ति के प्रति सकारात्मक संदेश फैलाना है।
हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

