जिला स्तरीय बस्तर ओलंपिक का हुआ शुभारंभ, दो हजार खिलाड़ी कर रहे प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
जिला स्तरीय बस्तर ओलंपिक का हुआ शुभारंभ, दो हजार खिलाड़ी कर रहे प्रदर्शन


जगदलपुर, 25 नवंबर (हि.स.)। बस्तर अंचल की खेल प्रतिभाओं को बड़ा मंच देने वाले ‘बस्तर ओलंपिक 2026’ (बस्तर ओलंपिक 3.0) के जिला स्तरीय मुकाबलों का बुधवार को जगदलपुर के इंदिरा प्रियदर्शिनी स्टेडियम में शुभारंभ हुआ।

‘करसाय ता बस्तर बरसाय ता बस्तर’ के उत्साह और उमंग के बीच मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती वेदवती कश्यप एवं अन्य अतिथियों ने बस्तर एवं बकावंड ब्लाॅक के मध्य आयोजित फुटबॉल मैच के दौरान फुटबाॅल को किक मारकर खेलों की विधिवत शुरुआत की। इस अवसर पर भारोत्तोलक पालेश नाग ने खिलाड़ियों को खेल भावना और गरिमा के अनुरूप प्रदर्शन करने की शपथ दिलाई। दो दिवसीय 25 एवं 26 नवम्बर 2026 इस जिला स्तरीय आयोजन में जिले के सात विकासखंडों में आयोजित प्रतियोगिताओं से चयनित दो हजार से अधिक खिलाड़ी अपनी खेल कला और कौशल का प्रदर्शन कर रहे हैं।

आज बुधवार को पहले दिन जूनियर वर्ग (10 से 17 वर्ष) तथा गुरुवार को सीनियर वर्ग (17 वर्ष से अधिक आयु) के मुकाबले होंगे, जिनमें महिला और पुरुष खिलाड़ियों के लिए अलग-अलग स्पर्धाएं रखी गई हैं। आयोजन का समापन कल गुरूवार शाम 04 बजे इंदिरा प्रियदर्शिनी स्टेडियम में होगा।

शुभारंभ अवसर पर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती वेदवती कश्यप ने कहा कि बस्तर ओलंपिक के माध्यम से क्षेत्र के युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा निखारने का शानदार मंच मिला है। उन्होंने बताया कि जोन और ब्लॉक स्तर से आगे बढ़ते हुए खिलाड़ी अब जिला स्तरीय मुकाबलों में पहुंचे हैं। उन्होंने युवाओं से खेल के साथ-साथ पढ़ाई पर भी पूरा ध्यान देने का आह्वान किया।

इंद्रावती विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष शरद अवस्थी ने कहा कि उत्कृष्ट खेल प्रतिभा के लिए किसी बड़े महानगर का होना जरूरी नहीं है, छोटे-छोटे गांवों में भी बेहतरीन खिलाड़ी जन्म लेते हैं। इस अवसर पर जिला पंचायत की खेल एवं युवा कल्याण समिति के सभापति बनवासी मौर्य एवं जगदलपुर नगर निगम सभापति खेमसिंह देवांगन ने इस आयोजन को बस्तर के बदलते स्वरूप, नई उम्मीदों और उज्ज्वल भविष्य का प्रतीक बताया।

इस मौके पर आयोजन की रूपरेखा साझा करते हुए बताया गया कि वर्ष 2024 में बस्तर ओलंपिक की शुरुआत के बाद से खिलाड़ियों की भागीदारी में निरंतर वृद्धि हुई है। बस्तर जिले में पंजीकृत खिलाड़ियों की संख्या 2024 में 37,650 और 2025 में 95,587 रहने के बाद 2026 में बढ़कर 1,04,841 तक पहुंच गई है। जिला स्तरीय मुकाबले इंदिरा प्रियदर्शिनी स्टेडियम, क्रीड़ा परिसर धरमपुरा, खेलो इंडिया लघु केंद्र पंडरीपानी और सिटी ग्राउंड में आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें एथलेटिक्स, आर्चरी, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, फुटबॉल, बैडमिंटन, वेटलिफ्टिंग, हॉकी और कराटे सहित कुल 11 विधाओं के साथ सीनियर महिला वर्ग के लिए प्रतीकात्मक रस्साकसी की स्पर्धा हो रही है।

प्रतियोगिताओं में दलीय खेलों के विजेताओं को प्रथम स्थान के लिए 4,000 रुपये, द्वितीय के लिए 3,000 रुपये और तृतीय स्थान के लिए 2,000 रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया जाएगा, जबकि व्यक्तिगत खेलों में प्रथम को 2,000 रुपये, द्वितीय को 1,500 रुपये और तृतीय को 1,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। विजेताओं को प्रतियोगिता स्थल पर ही मेडल व ट्रॉफी प्रदान की जाएगी, वहीं दलीय खेलों के सीनियर वर्ग विजेताओं को समापन मंच पर पुरस्कृत किया जाएगा। सर्वाधिक पदक जीतने वाले विकासखंड को ओवरऑल चैंपियन ट्रॉफी मिलेगी और जिला स्तर पर प्रथम स्थान हासिल करने वाले खिलाड़ी व दल आगे संभाग स्तर की बस्तर ओलंपिक प्रतियोगिताओं में भाग लेंगे।

शुभारंभ अवसर पर मंचासीन जनप्रतिनिधियों व पार्षदों सहित कलेक्टर आकाश छिकारा, अपर कलेक्टर सीपी बघेल, अपर पुलिस अधीक्षक सुखनन्दन राठौर तथा जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी और शिक्षक-शिक्षिकाओं, खेलप्रेमी गणमान्य नागरिकों तथा सातों विकासखंडों से आए बड़ी संख्या में प्रतिभागियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783159 Articles

Share this story