सूरजपुर जिला जेल का निरीक्षण कर बंदियों से संवाद, सुविधाओं का लिया जायजा

WhatsApp Channel Join Now
सूरजपुर जिला जेल का निरीक्षण कर बंदियों से संवाद, सुविधाओं का लिया जायजा


सूरजपुर, 22 सितंबर (हि.स.)। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष थॉमस एक्का ने मंगलवार को जिला जेल सूरजपुर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जेल की व्यवस्थाओं, बंदियों को उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं, स्वास्थ्य सेवाओं और विधिक सहायता की स्थिति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान थॉमस एक्का ने जेल अधीक्षक से बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने भोजन, खाद्य सामग्री, स्वच्छता और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए जेल मैनुअल के अनुरूप बंदियों को सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण दल ने जेल के भोजनालय में पहुंचकर भोजन की गुणवत्ता और तैयार करने की व्यवस्था भी देखी।

जेल के चिकित्सा केंद्र का निरीक्षण कर बंदियों को उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं और चिकित्सा सेवाओं की जानकारी ली गई। इसके बाद निरीक्षण दल ने विभिन्न बैरकों में पहुंचकर बंदियों से सीधे संवाद किया और उनके स्वास्थ्य, विधिक सहायता तथा अन्य समस्याओं के बारे में जानकारी ली।

बंदियों को उनके विधिक अधिकारों, जमानत, पैरोल और विधिक सहायता की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी दी गई। साथ ही पात्र बंदियों को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। संबंधित अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने कहा गया कि प्रत्येक पात्र बंदी को उसके अधिकारों और उपलब्ध कानूनी सहायता की जानकारी मिले तथा जरूरत के अनुसार सहायता उपलब्ध कराई जाए।

निरीक्षण के दौरान जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश आनंद प्रकाश वारियाल, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव पायल टोपनो, अपर कलेक्टर जगन्नाथ वर्मा, जेल अधीक्षक विक्रम गुप्ता, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी प्रशांत सिंह, चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल हृदयनारायण श्रीवास्तव सहित अन्य डिफेंस काउंसिल, अधिवक्ता, जेल स्टाफ और पीएलवी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story