जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण, दवाओं और व्यवस्थाओं का लिया जायजा
मौसमी बीमारियों के बीच इमरजेंसी से वार्ड तक पहुंची टीम, छह मरीज भर्ती मिले; दवाओं और साफ-सफाई को लेकर दिए निर्देश
बलरामपुर, 12 सितंबर (हि.स.)। मौसमी बीमारियों के बढ़ते प्रभाव के बीच जिला चिकित्सालय की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का औचक निरीक्षण किया गया। आज शनिवार को अपर कलेक्टर आरएन पाण्डेय ने जिला अस्पताल पहुंचकर इमरजेंसी, विभिन्न वार्डों, ओपीडी और रात्रिकालीन ड्यूटी पर तैनात स्वास्थ्य अमले की स्थिति देखी। इस दौरान आपातकालीन वार्ड में सर्पदंश के एक मरीज सहित कुल छह मरीज भर्ती मिले, जिनका उपचार जारी था।
निरीक्षण के दौरान इमरजेंसी वार्ड में रात्रिकालीन ड्यूटी पर डॉक्टर सुबोध सिंह उपस्थित मिले। भर्ती सभी मरीजों की स्थिति सामान्य बताई गई। इसके बाद अपर कलेक्टर ने मेडिकल वार्ड, सर्जिकल वार्ड और ओपीडी का निरीक्षण कर मरीजों के उपचार और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।
अस्पताल में जीवनरक्षक और जरूरी दवाओं का पर्याप्त भंडारण बनाए रखने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही वार्डों और अस्पताल परिसर में नियमित साफ-सफाई, मरीजों और उनके परिजनों के लिए पेयजल सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं को दुरुस्त रखने पर जोर दिया गया।
स्वास्थ्य अमले को मरीजों को समय पर बेहतर उपचार उपलब्ध कराने और उनके साथ संवेदनशील व्यवहार करने के निर्देश दिए गए। मौसमी बीमारियों से बचाव को लेकर मरीजों और आम लोगों के बीच जागरूकता बढ़ाने की बात भी कही गई।
जिला प्रशासन के अनुसार स्वास्थ्य सेवाओं की नियमित निगरानी के लिए राजस्व अमले को सक्रिय किया गया है। जिला चिकित्सालय के साथ विकासखंड स्तर के स्वास्थ्य संस्थानों का भी समय-समय पर औचक निरीक्षण किया जाएगा, ताकि सामने आने वाली कमियों को प्राथमिकता से दूर कर स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाया जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

