छत्तीसगढ़ बजट पर कांग्रेस की प्रतिक्रिया: आम आदमी, किसान और युवाओं की अनदेखी का आरोप
जांजगीर-चांपा, 24 फरवरी (हि. स.)। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा प्रस्तुत तीसरे बजट पर कांग्रेस नेताओं ने सवाल उठाए हैं। जिला ब्लॉक कांग्रेस कमेटी चांपा (शहर) के अध्यक्ष सुनील साधवानी ने बजट को बड़े दावों और घोषणाओं तक सीमित बताते हुए कहा कि, यह आम आदमी की अपेक्षाओं पर खरा उतरता नजर नहीं आता।
सुनील साधवानी ने कहा कि, सरकार ने बड़े-बड़े प्रोजेक्ट्स और आंकड़ों के जरिए विकास की तस्वीर पेश करने की कोशिश की है, लेकिन आम नागरिक, किसान, मजदूर और बेरोजगार युवाओं की मूल समस्याओं पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया है। उनके अनुसार बजट में आम जनता को राहत देने के ठोस प्रावधानों की बजाय घोषणाओं और आंकड़ों की भरमार दिखाई देती है।
उन्होंने कहा कि यदि सरकार वास्तव में समग्र विकास चाहती है, तो उसे जमीनी स्तर पर काम करते हुए लोगों की आय बढ़ाने और जीवन स्तर सुधारने के लिए ठोस और प्रभावी कदम उठाने होंगे।
साधवानी ने उम्मीद जताई कि सरकार आने वाले समय में जनहित से जुड़े मुद्दों पर पुनर्विचार करेगी और आवश्यक सुधार करेगी, ताकि बजट का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।
हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

