आंबेडकर जयंती पर सेवा का अनूठा उदाहरण, बच्चों को वितरित की पानी की बोतलें

WhatsApp Channel Join Now
आंबेडकर जयंती पर सेवा का अनूठा उदाहरण, बच्चों को वितरित की पानी की बोतलें


धमतरी, 14 अप्रैल (हि.स.)। भीमराव आंबेडकर की जयंती के अवसर पर श्रीदेव युवा मंच ने सेवा भावना का परिचय देते हुए स्कूली बच्चों को पानी की बोतलें वितरित कीं। भीषण गर्मी को देखते हुए बच्चों को शीतल पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किया गया यह कार्य समाज के लिए प्रेरणादायक उदाहरण बन गया।

छत्तीसगढ़ महार-महरा समाज के युवा संगठन द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में अंबेडकर जयंती को केवल उत्सव तक सीमित न रखते हुए सेवा कार्य से जोड़ने का संदेश दिया गया। बच्चों को पेयजल रखने हेतु पानी की बोतलें प्रदान कर बाबा साहब के प्रति श्रद्धा व्यक्त की गई। इस दौरान हरिकिशन पावरिया ने कहा कि जीवन के महत्वपूर्ण क्षणों को सार्थक बनाने के लिए समाज के जरूरतमंदों के लिए कार्य करना आवश्यक है। ऐसे प्रयासों से नई पीढ़ी को सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया जा सकता है।

वहीं पार्षद सुमन मेश्राम ने कहा कि बाबा साहब ने कठिन परिस्थितियों में भी शिक्षा, समानता और महिला सशक्तिकरण के लिए संघर्ष का जो मार्ग दिखाया, वही आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। कार्यक्रम में राम चंद्र मेश्राम, चंद्रभान मेश्राम, श्रवण मेश्राम, मिलाप मेश्राम, सोमेश मेश्राम, रामेश्वर सिसोदिया और प्रकाश नाग सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story