पानी की बोतल को लेकर विवाद में मारपीट व लूट, दो आरेपित गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
पानी की बोतल को लेकर विवाद में मारपीट व लूट, दो आरेपित गिरफ्तार


जांजगीर-चांपा, 23 सितम्बर (हि. स.)। अकलतरा रेलवे स्टेशन के पास पानी की बोतल को लेकर हुए विवाद में युवक से मारपीट कर कैंची दिखाकर जान से मारने की धमकी देने और मोबाइल-पर्स लेकर फरार होने के मामले में अकलतरा पुलिस ने मंगलवार की देर शाम दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपितों को आज बुधवार को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार घटना 15 सितंबर 2026 की है जहां बिलासपुर निवासी नवीन कुमार झा अकलतरा रेलवे स्टेशन के पास एक होटल के सामने स्थित पान ठेले से पानी की बोतल खरीदकर फोन-पे के जरिए भुगतान कर रहा था। इसी दौरान वहां दो युवक पहुंचे और नवीन से पानी की बोतल मांगने लगे। नवीन द्वारा पानी देने से मना करने पर दोनों युवक उसके पीछे चले गए।

आरोप है कि दोनों युवकों ने छोटी कैंची निकालकर नवीन को जान से मारने की धमकी दी और उसके साथ लात-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी। मारपीट के दौरान नवीन का मोबाइल फोन और पर्स नीचे गिर गया, जिसे आरोपित उठाकर अपने साथ ले गए। इस दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे नवीन के साथी के साथ भी आरोपितों ने मारपीट की, जिससे उसे चोटें आईं।

घटना के बाद प्रार्थी की शिकायत पर थाना अकलतरा में अपराध दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में थाना अकलतरा पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की।

मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने अजय खरे और योगेन्द्र मानिकपुरी को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। अपराध में संलिप्तता पाए जाने पर पुलिस ने दोनों आरोपितों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

गिरफ्तार आरोपितों में योगेन्द्र मानिकपुरी (25 ), निवासी वार्ड क्रमांक 13 अकलतरा और अजय खरे (25 ), निवासी वार्ड क्रमांक 15 रहसबेड़ा अकलतरा शामिल हैं। पुलिस मामले में अन्य संलिप्त आरोपितों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

कार्रवाई में थाना प्रभारी अकलतरा जय कुमार साहू, सहायक उपनिरीक्षक सुरेन्द्र कश्यप, आरक्षक शेषनारायण साहू, महेन्द्र राज सहित थाना स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।

हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Share this story