कोरबा: सड़क पर सेनेटरी वेस्ट फेंकने पर पहली बार जुर्माना, निगम ने अपनाया सख्त रुख

WhatsApp Channel Join Now
कोरबा: सड़क पर सेनेटरी वेस्ट फेंकने पर पहली बार जुर्माना, निगम ने अपनाया सख्त रुख


कोरबा, 02 अप्रैल (हि. स.)। शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नगर निगम ने सख्त कदम उठाते हुए सड़क पर सेनेटरी वेस्ट फेंकने वाले एक व्यक्ति पर पहली बार कार्रवाई की है। आयुक्त आशुतोष पाण्डेय के निर्देश पर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय तिवारी और उनकी टीम ने आज गुरुवार को रविशंकर नगर क्षेत्र में यह कार्रवाई करते हुए संबंधित व्यक्ति पर 500 रुपये का अर्थदंड लगाया।

जानकारी के अनुसार, पं. रविशंकर शुक्ल नगर कॉलोनी के एमआईजी क्षेत्र में एक व्यक्ति द्वारा सेनेटरी अपशिष्ट को खुले में सड़क पर फेंक दिया गया था। मामले की जानकारी मिलते ही स्वच्छता विभाग की टीम मौके पर पहुंची और न केवल जुर्माना लगाया, बल्कि तत्काल स्थल की साफ-सफाई भी कराई। साथ ही संबंधित व्यक्ति को भविष्य में ऐसी गलती न दोहराने की कड़ी चेतावनी दी गई।

नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि शहर को गंदा करने वालों के खिलाफ अब और सख्ती बरती जाएगी। निगम द्वारा एक ओर नियमित सफाई और विशेष स्वच्छता अभियान चलाए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण की व्यवस्था भी प्रभावी रूप से लागू की गई है। इसके बावजूद कुछ लोग सार्वजनिक स्थानों, सड़कों और नालियों में कचरा फेंककर शहर की स्वच्छता को प्रभावित कर रहे हैं।

आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे सड़क, नाली और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न डालें। उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है और इसमें हर नागरिक की सहभागिता जरूरी है।

उन्होंने यह भी आग्रह किया कि घरों और दुकानों से निकलने वाले कचरे को अलग-अलग डस्टबिन में संग्रहित कर निगम के डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण वाहन को ही सौंपें। सेनेटरी वेस्ट को भी अलग से पैक कर स्वच्छता कर्मियों को दिया जाए, ताकि शहर की सफाई व्यवस्था बेहतर बनी रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Share this story