रेत खदानों में लगाए गए डिस्प्ले बोर्ड, अवैध उत्खनन रोकने निगरानी व्यवस्था मजबूत

WhatsApp Channel Join Now
रेत खदानों में लगाए गए डिस्प्ले बोर्ड, अवैध उत्खनन रोकने निगरानी व्यवस्था मजबूत


कोरबा, 24 फरवरी (हि. स.)। जिले में रेत खदानों के संचालन को पारदर्शी बनाने और अवैध उत्खनन पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश पर खनिज विभाग ने जिले की सभी 20 स्वीकृत रेत खदानों में आवश्यक व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करते हुए सूचना प्रदर्शित करने के लिए डिस्प्ले बोर्ड स्थापित कर दिए हैं।

खनिज विभाग द्वारा प्रत्येक रेत खदान के मुख्य मार्ग और खदान क्षेत्र के पास उत्खनन पट्टा संबंधी जानकारी प्रदर्शित करने वाली पट्टिकाएं लगाई गई हैं, जिससे आम नागरिकों को खदान की स्वीकृति, संचालन और अन्य महत्वपूर्ण जानकारी आसानी से मिल सके। इसके अलावा खदान क्षेत्र की प्रारंभिक और अंतिम सीमा बिंदुओं पर स्पष्ट बोर्ड लगाए गए हैं, जिससे खदान की सीमाएं चिन्हित रहें और अनधिकृत उत्खनन जैसी गतिविधियों पर रोक लगाई जा सके। निरीक्षण और आवागमन को सुगम बनाने के लिए दिशा-सूचक बोर्ड भी लगाए गए हैं।

उप संचालक खनिज विभाग प्रमोद कुमार नायक ने बताया कि रेत के अवैध उत्खनन और परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जिला प्रशासन ने निगरानी व्यवस्था को और मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि आम नागरिक रेत खदानों से संबंधित किसी भी अवैध गतिविधि की जानकारी या शिकायत मोबाइल नंबर 8770924807, 8839538188, 9753266726 और 7447063227 पर दे सकते हैं।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध उत्खनन या परिवहन की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और सुशासन सुनिश्चित करने के लिए किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को दें।

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Share this story