कोरबा : कुसमुंडा जीएम कार्यालय का भू-विस्थापितों ने किया घेराव

WhatsApp Channel Join Now
कोरबा : कुसमुंडा जीएम कार्यालय का भू-विस्थापितों ने किया घेराव


कोरबा : कुसमुंडा जीएम कार्यालय का भू-विस्थापितों ने किया घेराव


- 15 दिन में मांगें नहीं मानीं तो कोयला परिवहन रोकने की चेतावनी

कोरबा, 22 जुलाई (हि. स.)। छत्तीसगढ़ किसान सभा (सीजीकेएस) एवं भू-विस्थापित रोजगार एकता संघ के बैनर तले आज बुधवार को बड़ी संख्या में भू-विस्थापित किसानों ने एसईसीएल कुसमुंडा क्षेत्र के महाप्रबंधक (जीएम) कार्यालय का घेराव किया। प्रदर्शनकारियों ने लंबित रोजगार प्रकरणों के निराकरण, पुनर्वास, आउटसोर्सिंग कार्यों में स्थानीय प्रभावितों को रोजगार सहित विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। आंदोलन के दौरान कार्यालय के मुख्य द्वार पर धरना दिए जाने से कुछ समय तक कर्मचारियों की आवाजाही प्रभावित रही।

प्रदर्शन के बाद एसईसीएल प्रबंधन के अधिकारियों ने आंदोलनकारियों के प्रतिनिधिमंडल से चर्चा की और लंबित मामलों के समाधान के लिए बैठक आयोजित कर आवश्यक कार्रवाई का लिखित आश्वासन दिया। इसके बाद प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया।

छत्तीसगढ़ किसान सभा के प्रदेश संयुक्त सचिव प्रशांत झा ने कहा कि जिन किसानों की भूमि अधिग्रहित की गई है, उन्हें नियमानुसार रोजगार मिलना चाहिए। उनका आरोप है कि वर्षों से लंबित रोजगार प्रकरणों के निराकरण में गंभीर पहल नहीं होने से प्रभावित परिवारों में असंतोष बढ़ रहा है।

जिला सचिव दीपक साहू ने कहा कि विकास परियोजनाओं के लिए अपनी जमीन गंवाने वाले अनेक परिवार आज भी रोजगार और पुनर्वास की समस्याओं से जूझ रहे हैं। उन्होंने सभी पात्र भू-विस्थापितों को स्थायी रोजगार देने की मांग दोहराई।

भू-विस्थापित रोजगार एकता संघ के अध्यक्ष रेशम यादव और सचिव दामोदर श्याम ने कहा कि रोजगार और पुनर्वास का अधिकार मिलने तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 15 दिनों के भीतर मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो कोयला परिवहन रोकने का आंदोलन शुरू किया जाएगा।

प्रदर्शन में फिरत, उत्तम दास, अनिल, दीनानाथ, कृष्णा, हरिहर, होरी, रमेश दास, सोनू, हेतराम, राजकुमार, विजय कंवर, इंद्र, गणेश, हरिशरण सहित बड़ी संख्या में भू-विस्थापित किसान उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Share this story