शहर जिला कांग्रेस के जिला कार्यकारिणी की बैठक में आगामी कार्ययोजना की चर्चा

WhatsApp Channel Join Now
शहर जिला कांग्रेस के जिला कार्यकारिणी की बैठक में आगामी कार्ययोजना की चर्चा


जगदलपुर, 26 जुलाई (हि.स.)। शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुशील मौर्य ने रविवार काे राजीव भवन में जिला कांग्रेस कमेटी की संगठनात्मक बैठक आयोजित कर आगामी कार्ययोजना को लेकर विस्तृत चर्चा की। बैठक में जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारी, समस्त विंग्स के अध्यक्षगण, ब्लॉक अध्यक्षगण, मंडल अध्यक्षगण सहित विभिन्न मोर्चा, प्रकोष्ठ एवं विभागों के अध्यक्षगण उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने, कांग्रेस की विचारधारा और नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने तथा आगामी दिनों में पार्टी द्वारा निर्धारित कार्यक्रमों एवं गतिविधियों को प्रभावी रूप से संचालित करने को लेकर विस्तारपूर्वक विचार-विमर्श किया गया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य ने सभी पदाधिकारियों से संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने तथा आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

मौर्य ने कहा कांग्रेस संगठन की मजबूती प्रत्येक कार्यकर्ता की सक्रियता और जमीनी स्तर पर निरंतर संपर्क से सुनिश्चित होती है। इसलिए सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्रों में आमजन से निरंतर संवाद स्थापित करें और उनकी समस्याओं को प्राथमिकता के साथ सामने लाते हुए उनके निराकरण के लिए प्रभावी प्रयास करें। बैठक में आगामी कार्ययोजना के तहत संगठन के विभिन्न कार्यक्रमों, जनसंपर्क अभियानों एवं पार्टी की गतिविधियों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही ब्लॉक एवं मंडल स्तर पर संगठन को और अधिक सक्रिय बनाने, बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को जोड़ने तथा पार्टी के कार्यक्रमों को व्यापक रूप से सफल बनाने पर भी विशेष जोर दिया गया।

सुशील मौर्य ने कहा कि आने वाले समय में संगठन को और अधिक मजबूती प्रदान करने के लिए सभी स्तर के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ है और सभी के सामूहिक प्रयासों से ही संगठन को नई ऊर्जा एवं मजबूती प्रदान की जा सकती है।

बैठक के दाैरान मुख्य रूप से पूर्व विधायक रेखचंद जैन, नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी, रामशंकर राव,जिला उपाध्यक्ष अतिरिक्त शुक्ला, लेखन बघेल, वीरेंद्र परिहार, महिला कांग्रेस अध्यक्ष लता निषाद, उपनेता कोमल सेना, महामंत्री अभिषेक नायडू, विजय सिंह, अमरनाथ सिंह, अल्ताफ उल्ला खान, प्रशांत जैन, सुषमा सुता, नीतीश शर्मा, रविशंकर तिवारी, विजय प्रकाश दास, प्रकाश अग्रवाल, ब्लॉक अध्यक्ष बलराम यादव, संतोष सेठिया, किसान कांग्रेस अध्यक्ष दयाराम कश्यप, एनएसयूआई अध्यक्ष विशाल खंबारी, व्यापारी प्रकोष्ठ अध्यक्ष राजेंद्र पटवा, अल्पसंख्यक अध्यक्ष रोजविन दास,अमित पांडे, मंडल अध्यक्ष एम वेंकट राव, जोहन सुता, भोजराज नाग, ललिता राव, राकेश मौर, महेश द्विवेदी, संदीप दास, रंगा राव, मोहसिन खान, सलीम जाफर अली व अन्य मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Share this story