जेएसडब्ल्यू महानदी पावर प्लांट के भूविस्थापितों की बैठक में पेंशन समेत कई मांगों पर चर्चा

WhatsApp Channel Join Now
जेएसडब्ल्यू महानदी पावर प्लांट के भूविस्थापितों की बैठक में पेंशन समेत कई मांगों पर चर्चा


जांजगीर-चांपा, 05 अक्टूबर (हि. स.। जेएसडब्ल्यू महानदी पावर प्लांट नरियरा से प्रभावित आठ ग्रामों के भूविस्थापित सदस्यों की जीवन निर्वाह भत्ता समिति (पेंशन) की मासिक बैठक आज साेमवार काे आयोजित की गई। बैठक में पेंशन सहित भूविस्थापितों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में सबसे प्रमुख मुद्दा पिछले माह के जीवन निर्वाह भत्ते का रहा। सदस्यों ने बताया कि पेंशन की राशि केवल एसबीआई बैंक के खाताधारकों के खाते में पहुंची है, जबकि अन्य बैंकों में खाते रखने वाले कई पेंशनधारियों के खातों में अब तक राशि नहीं पहुंची है। इस समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की गई।

इसके अलावा भूविस्थापित किसानों के परिवारों का प्लांट प्रबंधन द्वारा बीमा कराने की लंबे समय से लंबित मांग पर भी चर्चा हुई। समिति ने जीवन निर्वाह भत्ता आजीवन दिए जाने की मांग दोहराई। साथ ही कर्मचारियों की तरह पेंशनधारियों को दीपावली पर बोनस दिए जाने की मांग भी रखी गई। इस संबंध में कंपनी अधिकारियों ने दूरभाष पर जल्द बैठक आयोजित कर चर्चा करने पर सहमति जताई।

बैठक में भूविस्थापित गांवों में स्वास्थ्य सुविधाओं को फिर से शुरू करने की मांग भी उठी। सदस्यों ने बताया कि पहले सभी आठ आश्रित ग्रामों में एंबुलेंस, डॉक्टर, स्वास्थ्य जांच और दवा वितरण की सुविधा उपलब्ध कराई जाती थी, लेकिन किसी कारण से यह व्यवस्था बंद हो गई है। इसे पुनः सभी सुविधाओं के साथ शुरू करने की मांग की गई।

इसके अलावा कंपनी के निर्धारित स्कूलों में भूविस्थापित बच्चों की फीस का भुगतान किया जा रहा है। समिति ने अन्य स्कूलों में पढ़ने वाले भूविस्थापित किसानों के बच्चों की फीस भी कंपनी द्वारा दिए जाने की मांग रखी। बैठक में नॉमिनी बदलने, पति-पत्नी के अलग-अलग कार्ड होने पर अलग-अलग पेंशन देने सहित प्लांट से संबंधित अन्य समस्याओं पर भी चर्चा हुई। समिति इन मांगों और समस्याओं से आगामी दिनों में कंपनी प्रबंधन को अवगत कराएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Share this story